मुजफ्फरनगर में डंपर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, चार की मौत; तीन गंभीर घायल
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के लक्सर रोड पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से सभी को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 10:15 बजे हुआ। लक्सर की ओर जा रही स्कॉर्पियो (UK 16 G 0005) को सामने से आ रहे डंपर (UK 17 CA 8485) ने साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो में सवार सातों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें चालक आदेश कुमार (50) और निशा (35) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इलाज के दौरान दो और ने तोड़ा दम
हादसे में राखी (48), गोनी (11), कुसुम (70), रूबी (48) और वैष्णवी (7) घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान निशा और गोनी की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। तीन घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे और सीओ सदर सुनील कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्य की जानकारी ली तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस ने डंपर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment