नंदीग्राम से नगांव तक उपचुनाव का महासंग्राम, छह सीटों पर वोटिंग जारी; 11 बजे तक नंदीग्राम में 43.95% मतदान

नई दिल्ली। देश के तीन राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की छह सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इनमें पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट शामिल है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट तथा असम की नगांव लोकसभा सीट पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

11 बजे तक नंदीग्राम में सबसे ज्यादा मतदान

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 43.95 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि रेजीनगर में 38.71 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। दोनों सीटों पर सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।

नंदीग्राम में मतदान को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज रहीं। यह वही सीट है जहां 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था। 2026 के विधानसभा चुनाव में भी अधिकारी ने नंदीग्राम से जीत दर्ज की थी, लेकिन भवानीपुर सीट बरकरार रखने के कारण नंदीग्राम सीट खाली हुई और यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।

रेजीनगर में हुमायूं कबीर गिरफ्तार

रेजीनगर में मतदान के दौरान आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर को सुरक्षा बलों के साथ कथित बहस के बाद गिरफ्तार किया गया। चुनाव अधिकारी के अनुसार, दोनों सीटों पर मतदान ज्यादातर शांतिपूर्ण रहा और पर्याप्त केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं।

तमिलनाडु में विजय की पार्टी की परीक्षा

तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर भी मतदान हो रहा है। इन उपचुनावों को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनकी पार्टी टीवीके के लिए चुनावी राजनीति में शुरुआती बड़ी परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर भी मुकाबला जारी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts