संभव कार्यक्रम में 25 उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
एमडी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में जनसुनवाई, नए कनेक्शन, सोलर, मीटर और पोल से जुड़ी समस्याएं पहुंचीं
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) मुख्यालय ऊर्जा भवन में मंगलवार को संभव कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई आयोजित की गई। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में मेरठ, हापुड़, मुजफ्फरनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 25 उपभोक्ताओं ने बिजली से संबंधित अपनी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान उपभोक्ताओं ने मुख्य रूप से नए विद्युत कनेक्शन, सोलर, मीटर, बिजली के पोल और बिल से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सभी प्रकरणों को जनसुनवाई रजिस्टर में दर्ज किया गया। जिन मामलों में तकनीकी या विभागीय जांच की जरूरत थी, उन्हें संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नए कनेक्शन से लेकर मीटर-पोल तक की शिकायतें
मेरठ क्षेत्र से विपिन जैन, राहुल कुमार, गौरव कुमार, सत्यप्रकाश, देवेंद्र सिंह, मदन पाल, नजनी जैन, रेशमा, प्रदीप कुमार, कपिल शर्मा समेत अन्य उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं रखीं। कुछ उपभोक्ताओं ने नए कनेक्शन में आ रही दिक्कतों की शिकायत की, जबकि कई लोगों ने सोलर, बिजली बिल, मीटर और पोल से जुड़े प्रकरण अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को निस्तारण की निगरानी के निर्देश
एमडी रवीश गुप्ता ने अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। तकनीकी या जांच से जुड़े मामलों में भी समयसीमा तय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप उपभोक्ताओं को बेहतर, सुगम और उत्तरदायी विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना डिस्कॉम की प्राथमिकता है।
जनसुनवाई में निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन और निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अभियंताओं में मो. सगीर, राजकुमार, गुलाब सिंह, गुरजीत सिंह और रजनीकांत मिश्र ने भी भाग लिया। इसके अलावा अधीक्षण अभियंता मो. अरशद, अभिषेक सिंह तथा अधिशासी अभियंता सौरभ मंगला, प्रशांत सोनी समेत अन्य अधिकारी और उपखंड अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment