विधि का क्षेत्र व्यापक, युवाओं के लिए अवसर अनेक : सोनिका वर्मा
प्रो. एससी गुप्ता बोले- विधि का पेशा जिम्मेदारी के साथ देता है सम्मान, अनुशासन को बनाएं जीवन का हिस्सा
मेरठ। मेरठ कॉलेज के प्रोफेशनल डिपार्टमेंट के विधि विभाग में मंगलवार को विधि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज सोनिका वर्मा ने कहा कि विधि का क्षेत्र बेहद व्यापक है और युवाओं के लिए इसमें रोजगार व करियर की अनेक संभावनाएं हैं। समय के साथ विधि के पेशे का महत्व लगातार बढ़ रहा है। विद्यार्थियों को विषय की गंभीरता से पढ़ाई करने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए।
मुख्य वक्ता हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व डीन एवं विधि विभागाध्यक्ष प्रो. एससी गुप्ता ने कहा कि विधि का पेशा गंभीरता और जिम्मेदारी से जुड़ा है। विद्यार्थियों को शुरुआत से ही अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधि के विद्यार्थियों के लिए सशस्त्र सेनाओं के अलावा विभिन्न सरकारी और अन्य सेवाओं में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।
‘ऑफिसर ऑफ द कोर्ट’ होती है अधिवक्ता की पहचान
प्रो. गुप्ता ने कहा कि अधिवक्ता अपने पेशे के पहले दिन से ही ‘ऑफिसर ऑफ द कोर्ट’ होता है। यही विधि व्यवसाय की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून की पढ़ाई को केवल परीक्षा तक सीमित न रखने और पेशे की जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को तकनीक के साथ खुद को मजबूत बनाना चाहिए, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें। प्रबंध समिति के सचिव विवेक कुमार गर्ग ने विद्यार्थियों से शिक्षा को गंभीरता से लेने और अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की देखरेख प्रो. एसके मित्तल ने की, जबकि संचालन डॉ. रुनझुन बिश्नोई ने किया। अरविंद कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विवेक कुमार गर्ग ने की। इस अवसर पर मुख्य नियंता प्रो. पवन कुमार, प्रो. भूपेंद्र सिंह, प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज, डॉ. रवीश कुमार, डॉ. रेखा, डॉ. काजल वर्मा, डॉ. आशनी भार्गव समेत शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment