पाकिस्तान में आतंकियों पर बड़ा एक्शन, खुफिया ऑपरेशन में पांच ढेर

खैबर पख्तूनख्वा में टीटीपी से जुड़े आतंकियों के ठिकानों पर कार्रवाई, हथियार-गोला बारूद बरामद; पंजाब में 98 ऑपरेशन के दौरान 13 संदिग्ध गिरफ्तार

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाकर पांच आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है। कार्रवाई दक्षिण वजीरिस्तान जिले में की गई। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, मारे गए आतंकवादी प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े थे। अभियान के दौरान आतंकियों के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया और बड़ी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किए गए।

पाकिस्तान सरकार टीटीपी के लिए आधिकारिक तौर पर ‘फितना अल-खवारिज’ शब्द का इस्तेमाल करती है। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में आतंकियों की मौजूदगी और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने अभियान चलाया।

हालिया हमलों के बाद बढ़ी कार्रवाई

खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों की कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब प्रांत में हाल के दिनों में आतंकी घटनाएं बढ़ी हैं। पिछले सप्ताह डेरा इस्माइल खान जिले में सड़क किनारे पुलिस चौकी पर आत्मघाती हमला हुआ था। इसमें एक दर्जन से अधिक सुरक्षाकर्मियों की मौत और करीब 30 लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी।

इसके अलावा कोहाट में विस्फोटकों से भरी एक कार मस्जिद के प्रवेश द्वार से टकरा गई थी। इस घटना में करीब 21 लोगों की मौत हुई थी। पाकिस्तानी अधिकारियों ने इन हमलों के पीछे टीटीपी से जुड़े आतंकियों की भूमिका बताई थी।

खैबर पख्तूनख्वा लंबे समय से आतंकी हिंसा से प्रभावित है। अफगानिस्तान से लगी सीमा के कारण यहां आतंकियों की आवाजाही और उनके खिलाफ सैन्य अभियानों को लेकर भी लगातार तनाव बना रहता है।

पंजाब में 13 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

उधर, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में भी आतंकवाद के खिलाफ अभियान चलाया गया। काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) के प्रवक्ता के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में पूरे प्रांत में 98 खुफिया अभियान चलाए गए। इन कार्रवाइयों के दौरान प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 13 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

सीटीडी के मुताबिक, गिरफ्तार संदिग्धों के संबंध टीटीपी, अल-कायदा, आईएसआईएस और अन्य प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से होने की बात सामने आई है।

1.9 किलो विस्फोटक और तीन आईईडी बरामद

पुलिस के अनुसार, संदिग्धों को लाहौर, सरगोधा, गुजरात, पाकपट्टन, रावलपिंडी, मंडी बहाउद्दीन, फैसलाबाद, खुशाब, चिनियोट और खानिवाल जिलों से पकड़ा गया। उनके कब्जे से 1.9 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक, 12 डेटोनेटर, तीन आईईडी, एक हथगोला और प्रतिबंधित साहित्य बरामद करने का दावा किया गया है।

सीटीडी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ 13 मामले दर्ज किए गए हैं और उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पाकिस्तान में हालिया आतंकी घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने खुफिया अभियानों को तेज करने का दावा किया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts