थप्पड़ का बदला चाकू से गला रेतकर लिया, गैंगस्टर दोस्त की हत्या
बहरामपुर में शराब पीने के दौरान हुआ विवाद; खून से सने कपड़ों ने खोला राज, वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी गिरफ्तार
बहरामपुर। ओडिशा के बहरामपुर में शराब पीने के दौरान हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय गैंगस्टर टूना नायक ने बहस के दौरान अपने दोस्त बिट्टू साहू को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए साहू ने स्कूटर की डिक्की में रखा चाकू निकालकर नायक के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से नायक की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात शनिवार रात निमाखंडी इलाके में हुई। घटना के बाद आरोपी मौके से स्कूटर लेकर भागने लगा। इसी दौरान इलाके में वाहनों की जांच कर रही पुलिस की नजर उसके खून से सने कपड़ों पर पड़ी। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साहू ने हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
चार लोग साथ बैठकर पी रहे थे शराब
पुलिस के अनुसार, वारदात की रात टूना नायक, बिट्टू साहू और दो अन्य लोग एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान नायक और साहू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। साहू फास्ट फूड की दुकान चलाता है और इलाके में राघब नाम से भी जाना जाता है।
बहस बढ़ने पर नायक ने साहू को थप्पड़ मार दिया। पुलिस का कहना है कि थप्पड़ से नाराज साहू ने अपने स्कूटर की डिक्की से चाकू निकाला और नायक पर हमला कर दिया।
पुलिस ने चाकू किया बरामद
बहरामपुर के पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर के मुताबिक, आरोपी ने नायक के गले पर चाकू से वार किया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
निमाखंडी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और घटनास्थल पर मौजूद दो अन्य लोगों की भूमिका क्या थी।
मृतक के खिलाफ आठ आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, मृतक टूना नायक बहरामपुर इलाके का कुख्यात अपराधी था। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत कम से कम आठ आपराधिक मामले दर्ज थे और वह कई मामलों में वांछित था। पुलिस मृतक और आरोपी के बीच पहले से किसी विवाद या रंजिश की भी जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment