दो पैन कार्ड मामले में आजम खां और अब्दुल्ला आजम को राहत, हाईकोर्ट से मिली जमानत
न्यायमूर्ति समित गोपाल की पीठ ने मंजूर की अर्जी, दोषसिद्धि पर रोक और सजा निलंबित करने की मांग पर हुई सुनवाई
प्रयागराज (एजेंसी)। दो पैन कार्ड मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिली है। हाईकोर्ट ने दोनों की जमानत अर्जी मंजूर कर ली है। न्यायमूर्ति समित गोपाल की पीठ ने यह आदेश दिया। इससे पहले अदालत ने 15 अक्टूबर को सुनवाई पूरी करने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
हाईकोर्ट में दोनों की ओर से दोषसिद्धि पर रोक लगाने, सजा निलंबित करने और अंतरिम जमानत देने की मांग की गई थी। मामले में आजम खां की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी, एनआई जाफरी और अधिवक्ता शाश्वत आनंद ने पक्ष रखा। वहीं, राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अपर महाधिवक्ता अनूप त्रिवेदी तथा अपर सरकारी अधिवक्ता परितोष कुमार मालवीय ने दलीलें पेश कीं।
अलग-अलग जन्मतिथि पर दूसरा पैन कार्ड बनवाने का आरोप
आजम खां और अब्दुल्ला आजम की पुनरीक्षण याचिकाओं में अधीनस्थ अदालतों के दोषसिद्धि संबंधी फैसलों को चुनौती दी गई है। अभियोजन के अनुसार, मामले में अलग-अलग जन्मतिथियों का उल्लेख कर दूसरा पैन कार्ड बनवाने और उसका इस्तेमाल करने का आरोप है। आरोप यह भी है कि चुनावी नामांकन पत्रों में इस पैन कार्ड का इस्तेमाल किया गया था। हाईकोर्ट के जमानत संबंधी आदेश से दोनों को इस मामले में राहत मिली है।


No comments:
Post a Comment