थेनी जेल से फरार सभी 17 कैदी गिरफ्तार, हाई-सिक्योरिटी जेलों में होंगे शिफ्ट
: 17 विशेष टीमों और ड्रोन की मदद से चला तलाशी अभियान, जेल से फरारी के पीछे मास्टरमाइंड की तलाश तेज
चेन्नई (एजेंसी)। तमिलनाडु के थेनी जिला जेल से फरार हुए सभी 17 कैदियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आखिरी दो फरार कैदियों तिरुपति और मीनाक्षीसुंदरम की बुधवार को गिरफ्तारी के साथ ही व्यापक तलाशी अभियान पूरा हो गया। अब सभी कैदियों को राज्य की उच्च सुरक्षा वाली केंद्रीय जेलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, जेल से फरार होने के बाद कैदी अरंजनाईपुदुर इलाके से मोटरसाइकिल पर उथमापालयम की ओर भागे थे। इसके बाद अम्माचीपुरम में एक अज्ञात व्यक्ति से मोबाइल फोन लेकर उन्होंने अपने साथियों से संपर्क किया। साथियों ने उन्हें फरारी के दौरान मदद पहुंचाते हुए पैसे, कपड़े और वाहन उपलब्ध कराए थे।
17 विशेष टीमों ने चलाया तलाशी अभियान
कैदियों की तलाश के लिए पुलिस ने 17 विशेष टीमें गठित की थीं। इनके अलावा स्पेशल टास्क फोर्स की पांच इकाइयां और तमिलनाडु स्पेशल पुलिस की चार बटालियनें भी अभियान में शामिल रहीं। घने जंगलों में संदिग्ध ठिकानों की निगरानी और फरार कैदियों का पता लगाने के लिए विशेष ड्रोन की मदद ली गई। पुलिस ने राज्य की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी थी।
चार केंद्रीय जेलों में किए जाएंगे शिफ्ट
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद गिरफ्तार कैदियों को सलेम, वेल्लोर, कुड्डालोर और पुझल की केंद्रीय जेलों में भेजा जाएगा। थेनी के एसपी प्रवीण गौतम ने बताया कि फरार कैदियों को राज्य की सीमा पार करने से रोकना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता थी। हालांकि, जेल से फरारी की पूरी साजिश, इसके पीछे के मकसद और मास्टरमाइंड का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


No comments:
Post a Comment