पहाड़ों पर बिछी बर्फ की सफेद चादर, गंगोत्री से गोमुख तक बदला नजारा
: बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी हुई बर्फबारी, मसूरी में बारिश से बढ़ी ठिठुरन; नौ जिलों में वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात का अलर्ट
उत्तरकाशी (एजेंसी)। पहाड़ों पर मौसम ने अचानक करवट बदली है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से वादियां सफेद चादर में ढक गई हैं। गंगोत्री से गोमुख तक बर्फ की परत जम गई है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी गुरुवार सुबह हुई बर्फबारी से खूबसूरत नजारा देखने को मिला। वहीं, मसूरी में बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
गंगोत्री मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच बर्फबारी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बाबा केदार की नगरी में बर्फबारी का अद्भुत नजारा देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। पर्यटक और श्रद्धालु बर्फ से ढके धाम की तस्वीरें और सेल्फी लेकर इन खूबसूरत पलों को कैमरे में कैद करते दिखाई दिए। हालांकि, हिमपात के साथ ही दोनों धामों में ठंड भी बढ़ गई है।
मसूरी में बारिश से ठिठुरन बढ़ी
पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार सुबह से हो रही बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। इसका असर शहर की सड़कों और पर्यटन गतिविधियों पर भी दिखाई दिया। पर्यटकों से गुलजार रहने वाली मसूरी में बारिश के चलते रौनक कम नजर आई। ठंड और बारिश के कारण स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी घरों और होटलों में रहने को मजबूर हैं। बाहर घूमने पहुंचे पर्यटक मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
नौ जिलों में बारिश, बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके अलावा 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम के बदले मिजाज से आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।


No comments:
Post a Comment