युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक

कृषि विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों ने बताए शराब के शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान, नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान

मेरठ, 15 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) समिति की ओर से नशे के दुष्प्रभाव, रोकथाम और बचाव विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने युवाओं को शराब के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में एनईपी की समन्वयक डॉ. अर्चना आर्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए युवाओं के जीवन में नशामुक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ न्यूरो-मनोचिकित्सक एवं व्यसन मुक्ति विशेषज्ञ डॉ. सम्यक जैन ने शराब के अनियंत्रित सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभाव बताए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की मदद लेने की अपील की।

मुख्य यातायात प्रशिक्षक सुनील कुमार शर्मा और मेरठ के यातायात अधिकारी संतोष सिंह ने शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं और सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। वहीं, कंज्यूमर वॉयस के सलाहकार हेमंत उपाध्याय ने शराब के सेवन से होने वाले आर्थिक नुकसान के बारे में बताया और युवाओं को जिम्मेदारी से निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया।

अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि युवाओं के स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार भविष्य के निर्माण के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता यादव ने किया, जबकि कुलसचिव डॉ. वीपी सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के बाद सर्वेक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों की जागरूकता का आकलन किया गया और पुस्तकें वितरित की गईं। आयोजन नई दिल्ली स्थित संस्था कंज्यूमर वॉयस के सहयोग से हुआ। इसमें विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts