आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस वित्त वर्ष 2027 तक जोड़ेगी 20 हजार महिला एडवाइजर
नवरात्रि पर ‘नारीशक्ति’ पहल का ऐलान, 78 हजार से अधिक महिलाएं पहले से जुड़ीं; 500 से ज्यादा ने एमडीआरटी के लिए किया क्वालिफाई
मेरठ। नवरात्रि के अवसर पर आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस ने अपनी ‘नारीशक्ति’ पहल के तहत वित्त वर्ष 2027 के अंत तक देशभर में 20 हजार महिला एडवाइजर्स जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। कंपनी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक उसके साथ 78 हजार से अधिक महिला एडवाइजर्स जुड़ी थीं। ये कंपनी के एजेंसी कारोबार में करीब 45 प्रतिशत योगदान दे रही हैं। पहल के दो वर्ष पूरे होने पर कंपनी ने महिला सशक्तीकरण और वित्तीय आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कंपनी के चीफ डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिसर अमीश बैंकर ने कहा कि प्रतिभा का किसी लिंग से संबंध नहीं होता। महिला एडवाइजर्स ग्राहकों की जरूरतों को समझने और उनके लिए उपयुक्त बीमा समाधान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कंपनी के कुल एडवाइजर्स में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 32 प्रतिशत है, जबकि एजेंसी कारोबार में उनका योगदान लगभग 45 प्रतिशत है। बेंगलुरु, केरल और मुंबई जैसे क्षेत्रों में यह योगदान 50 प्रतिशत से अधिक रहा है।
500 से अधिक महिला एडवाइजर्स ने हासिल की उपलब्धि
कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक उसकी 500 से अधिक महिला एडवाइजर्स ने मिलियन डॉलर राउंड टेबल (एमडीआरटी) के लिए क्वालिफाई किया है। यह जीवन बीमा और वित्तीय सेवा क्षेत्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पेशेवरों का वैश्विक संगठन है। इसके अलावा, कंपनी से जुड़ी 47 प्रतिशत महिला एडवाइजर्स को 10 साल से अधिक का अनुभव है।
वर्ष 2024 में शुरू की गई ‘नारीशक्ति’ पहल महिलाओं को बिना शुरुआती निवेश के वित्तीय सलाहकार के रूप में करियर बनाने का अवसर देती है। इसके तहत महिलाएं अपनी सुविधानुसार काम करते हुए परिवार की जिम्मेदारियों और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बना सकती हैं। कंपनी का कहना है कि प्रशिक्षण और सहयोग के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ परिवारों तक बीमा सुरक्षा पहुंचाने में उनकी भागीदारी बढ़ाई जा रही है।
अमीश बैंकर ने कहा कि महिलाओं की संवाद क्षमता, ग्राहकों की जरूरतों को समझने और लंबे समय तक भरोसेमंद संबंध बनाए रखने की योग्यता बीमा क्षेत्र में अहम है। ‘नारीशक्ति’ का उद्देश्य महिलाओं को जरूरी कौशल और सहयोग देकर आगे बढ़ाना है, ताकि वे वर्ष 2047 तक सभी के लिए बीमा के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान दे सकें।


No comments:
Post a Comment