आईआईएमटी विश्वविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम

राजयोग ध्यान सत्र में विद्यार्थियों ने सीखा मन को शांत रखने और सकारात्मक सोच अपनाने का मंत्र

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, इससे जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करने और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, आत्म-जागरूकता और भावनात्मक संतुलन का महत्व बताया।

विश्वविद्यालय की मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति तथा स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड मास कम्युनिकेशन के मनोविज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया। ‘वॉइसेज फॉर चेंज’ शीर्षक से प्रस्तुत नाटिका के जरिए मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझने और उनसे प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशीलता रखने की अपील की गई।

मुख्य वक्ता डॉ. पूनम देवदत्त ने विशेषज्ञ व्याख्यान में मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में ध्यान और आत्मचिंतन अपनाने की सलाह दी। कहा कि इनसे जीवन की चुनौतियों का सामना धैर्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ करने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 10 अक्टूबर को ब्रह्माकुमारी श्वेता दीदी के मार्गदर्शन में विशेष व्याख्यान और राजयोग ध्यान सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने मानसिक शांति, सकारात्मक सोच, आंतरिक शक्ति और आत्म-जागरूकता के महत्व को समझाया। ध्यान सत्र में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लेकर विचारों के प्रति सजग रहने तथा मन को शांत रखने का अभ्यास किया।

एसओएचएमसी के डीन एवं मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रो. डॉ. नीरज शर्मा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और दूसरों की भावनाओं के प्रति संवेदनशीलता स्वस्थ एवं सहयोगपूर्ण शैक्षणिक वातावरण के लिए जरूरी हैं।

इस अवसर पर स्कूल ऑफ साइंसेज की डीन प्रो. डॉ. विनिता शुक्ला, प्रो. डॉ. वीरेंद्र सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. अतीक-उर-रहमान सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में मनोविज्ञान विभाग की नेहा राठी, डॉ. शाइस्ता बेगम, डॉ. सीता झा और सगोरिका घोष का विशेष योगदान रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts