सुनील भारती मित्तल को फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, लीजन ऑफ ऑनर से नवाजा
भारत-फ्रांस आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने और दूरसंचार, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर व उपग्रह संचार में योगदान के लिए मिला सम्मान; फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू ने प्रदान किया अलंकरण
मेरठ। भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल ‘नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया है। भारत में फ्रांस के राजदूत महामहिम थिएरी माथू ने 28 अक्टूबर को फ्रांस निवास में आयोजित विशेष समारोह में उन्हें ‘शेवेलिए द ल'ऑर्द्र नेशनल द ला लेजियों दनर’ का प्रतीक चिह्न प्रदान किया।
फ्रांस सरकार ने मित्तल को यह सम्मान भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में उनके निरंतर योगदान तथा दूरसंचार, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और उपग्रह संचार के क्षेत्र में उनकी अग्रणी उपलब्धियों के लिए दिया है।
1992 में शुरू हुआ था फ्रांस से कारोबारी जुड़ाव
सम्मान स्वीकार करते हुए सुनील भारती मित्तल ने कहा कि फ्रांसीसी गणराज्य के राष्ट्रपति की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए गर्व और विनम्रता का विषय है। फ्रांस के साथ उनका जुड़ाव वर्ष 1992 में एयरटेल की स्थापना के समय शुरू हुआ था। उस दौरान फ्रांसीसी कंपनी कॉम्पैनी जेनराल देज़ो ने भारत में मोबाइल टेलीफोनी सेवाएं शुरू करने के लिए भारती के साथ साझेदारी की थी।
उन्होंने कहा कि आज यूरोपीय उपग्रह कंपनी यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में भी फ्रांस के साथ उनका जुड़ाव जारी है। उन्होंने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रति आभार जताते हुए भारत-फ्रांस आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
फ्रांसीसी कंपनियों के साथ साझेदारी का भी मिला लाभ
समारोह में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू ने कहा कि सुनील भारती मित्तल का सम्मान भारत-फ्रांस आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने में उनके उत्कृष्ट योगदान की मान्यता है। उन्होंने फ्रांसीसी बीमा समूह एक्सा और दूरसंचार उपकरण निर्माता अल्काटेल-लुसेंट के साथ मित्तल के कारोबारी संबंधों का उल्लेख किया।
राजदूत ने कहा कि यूटेलसैट में उनके निवेश और नेतृत्व की भूमिका ने फ्रांस की रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं को भी मजबूती दी है। यह सम्मान दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग, उच्चस्तरीय कूटनीतिक संवाद और उपग्रह संचार क्षेत्र में निवेश के प्रति उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के लिए फ्रांस की सराहना है।
अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक में बढ़ रही साझेदारी
भारत और फ्रांस विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के तहत अंतरिक्ष और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ा रहे हैं। ऐसे में यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में सुनील भारती मित्तल दोनों देशों के बीच आर्थिक और तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।


No comments:
Post a Comment