लक्ष्य तय करें, मेहनत से सफलता की राह बनाएं : रिया जावला
सरदार वल्लभभाई पटेल विश्वविद्यालय में करियर गाइडेंस कार्यक्रम, विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों की दी जानकारी
मेरठ। करियर में सफलता हासिल करने के लिए अपनी क्षमताओं को पहचानना, सही दिशा चुनना और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करना जरूरी है। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से करियर लॉन्चर मेरठ की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में करियर गाइडेंस एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में करियर लॉन्चर मेरठ की ब्रांच हेड रिया जावला ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने करियर की सही दिशा चुनने, अपनी रुचि और क्षमताओं को समझने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
उच्च शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
बायोटेक्नोलॉजी विभाग के डीन डॉ. आरएस सेंगर ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा जारी रखने और करियर के विभिन्न विकल्पों पर गंभीरता से विचार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक ज्ञान के साथ कौशल विकास भी भविष्य में बेहतर अवसर हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
हॉर्टिकल्चर विभाग के डायरेक्टर डॉ. सत्य प्रकाश ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने करियर और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका वक्ताओं ने समाधान करते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया।
30 अक्टूबर को होगा ‘एमबीए जंक्शन’
कार्यक्रम में रिया जावला ने विद्यार्थियों को 30 अक्टूबर को मेरठ के होटल ब्रॉडवे इन में आयोजित होने वाले ‘एमबीए जंक्शन’ कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इसमें देशभर के लगभग 10 से 15 विश्वविद्यालयों के भाग लेने की संभावना है। यह आयोजन विशेष रूप से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा। यहां उन्हें मैनेजमेंट कोर्स, उच्च शिक्षा और करियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विलेश कपूर, निधि, शुभी काम्बोज और सोनू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। करियर लॉन्चर मेरठ की ओर से ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर संबंधी जानकारी और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य के लिए बेहतर निर्णय ले सकें।


No comments:
Post a Comment