महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में उतारें, समाज में बढ़ाएं भाईचारा : डीएम

रजबन स्थित वाल्मीकि मंदिर में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने किया माल्यार्पण, जिलेभर में मंदिरों पर हो रहे रामायण के अखंड पाठ

मेरठ। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर रविवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने रजबन स्थित वाल्मीकि मंदिर (महर्षि वाल्मीकि चौक) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल और अन्य अधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस अवसर पर सभी कार्यक्रम आपसी सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किए जाएं। इससे समाज में भाईचारा और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। समाज में समानता, शिक्षा, स्वावलंबन और परिश्रम की भावना को बढ़ावा देना ही उनके जीवन संदेश को आत्मसात करने का सार है।

रामायण के आदर्श अपनाने का आह्वान

डीएम ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण में मर्यादा, सत्य, करुणा और धर्मपरायणता का जीवन दर्शन मिलता है। सभी को रामायण के मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए सामाजिक सद्भाव मजबूत करने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर महर्षि वाल्मीकि से संबंधित मंदिरों और स्थलों पर वाल्मीकि रामायण के अखंड पाठ आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में आठ, 12 अथवा 24 घंटे तक रामायण पाठ के साथ दीप प्रज्ज्वलन और दीपदान भी किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन को रामायण में निहित मानवीय, सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित संबंधित अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts