उन्नत बीज और संतुलित उर्वरक से बढ़ेगी किसानों की आमदनी
आईआईएमटी विश्वविद्यालय की ओर से अंदावली गांव में किसान गोष्ठी आयोजित, 150 किसानों और 40 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
मेरठ। टिकाऊ एवं लाभकारी खेती के लिए उन्नत किस्मों के बीजों का चयन और संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग आवश्यक है। किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक खेती के तरीकों को अपनाना चाहिए। यह बात आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान महाविद्यालय के डीन डॉ. राजबीर सिंह ने अंदावली गांव में आयोजित किसान गोष्ठी में कही।
इफको टोक्यो जनरल इंश्योरेंस कंपनी और इफको द्वारा वित्तपोषित परियोजना के अंतर्गत आयोजित गोष्ठी में किसानों को रबी सीजन की प्रमुख फसलों गेहूं, चना, जौ और जई की उन्नत किस्मों की जानकारी दी गई। किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीजों का प्रयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही उन्नत बीज प्राप्त करने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय और उत्तर प्रदेश कृषि विभाग से संपर्क करने को कहा गया।
खेती के साथ पशुपालन पर भी जोर
डॉ. राजबीर सिंह ने कहा कि उन्नत खेती और बेहतर पशुपालन किसानों की आमदनी बढ़ाने के प्रभावी माध्यम हैं। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल उत्पादन में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने और पशुपालन को आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्नत भारत अभियान के तहत कृषि विज्ञान महाविद्यालय की संयोजक डॉ. विभा यादव और विद्यार्थियों ने गांव में घर-घर जाकर किसानों को उन्नत खेती एवं पशुपालन की जानकारी दी। इस दौरान पर्यावरण प्रदूषण से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए सर्वेक्षण भी किया गया।
वैज्ञानिकों ने साझा किए सुझाव
गोष्ठी में कृषि विज्ञान महाविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. विभा यादव, डॉ. अश्वनी त्यागी, डॉ. विमल कुमार, डॉ. ऋषभ कुमार और डॉ. विशाल मिश्रा ने किसानों के साथ अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में करीब 150 किसानों और 40 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
अंदावली गांव के प्रधान जसपाल सिंह ने आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन, कुलपति डॉ. दीपा शर्मा, डीन डॉ. राजबीर सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. राजकुमार सहित गोष्ठी में शामिल वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों और किसानों का आभार व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment