अब एआई की नजर से नहीं बचेंगे बिजली चोर, पांच फीडरों पर शुरू हुआ शिकंजा

पीवीवीएनएल की आईटी टीम डेटा विश्लेषण से कर रही संदिग्ध उपभोक्ताओं की पहचान, अब्दुल्लापुर में पांच घरों में 20 किलोवाट चोरी पकड़ी

मेरठ। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद लेनी शुरू कर दी है। निगम की आईटी टीम एआई के जरिए बिजली खपत के आंकड़ों का विश्लेषण कर चोरी की आशंका वाले इलाकों और उपभोक्ताओं की पहचान कर रही है। इसी आधार पर शहर के पांच फीडरों पर बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अब्दुल्लापुर में कार्रवाई के दौरान एक ही दिन में पांच घरों में मीटर बाइपास कर कटिया डालने के मामले पकड़े गए। यहां कुल 20 किलोवाट बिजली चोरी सामने आई।

एआई के डेटा विश्लेषण के आधार पर भूसामंडी, नूरनगर, अब्दुल्लापुर, विकासपुरी और विकासपुरी फीडर को बिजली चोरी की आशंका के लिहाज से चिह्नित किया गया है। इन फीडरों पर विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध कनेक्शनों की जांच की जा रही है।

चार लाख उपभोक्ताओं के डेटा पर नजर

मुख्य अभियंता रजनीकांत मिश्र ने बताया कि शहर में करीब चार लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इतने बड़े उपभोक्ता आधार के बिजली खपत संबंधी आंकड़ों का मैन्युअल विश्लेषण करना कठिन था, लेकिन एआई से यह काम आसान हो गया है। इसके जरिए खपत के पैटर्न के आधार पर संदिग्ध उपभोक्ताओं की सूची तैयार की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि उदाहरण के तौर पर यदि कोई उपभोक्ता दिन में बिजली का इस्तेमाल कर रहा है, लेकिन रात में उसकी खपत शून्य हो जाती है, तो एआई ऐसे उपभोक्ताओं को अलग से चिह्नित कर सकता है। इसके बाद जांच की जाती है कि कहीं घरेलू कनेक्शन पर दुकान या कार्यालय तो संचालित नहीं किया जा रहा है। इस तरह बिजली खपत के असामान्य पैटर्न के आधार पर संभावित बिजली चोरी के मामलों तक पहुंचने में मदद मिल रही है।

निगम की आईटी टीम की संस्तुति पर चिह्नित पांच फीडरों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, एआई से मिले संकेतों के आधार पर मौके पर जांच कर बिजली चोरी की पुष्टि की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts