किसानों को आधी कीमत पर मिलेगा गेहूं-सरसों का बीज, चार फसलों के मिनीकिट मुफ्त
रबी सीजन के लिए सरकार ने घोषित किया अनुदान, गेहूं का 6866 कुंतल और सरसों का 100 कुंतल बीज मेरठ को आवंटित
मेरठ। रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को उन्नत प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराने के लिए अनुदान की व्यवस्था की है। इसके तहत गेहूं और सरसों का बीज अनुदान के बाद आधी कीमत पर मिलेगा, जबकि तुरई, मटर, मसूर और चने के बीज मिनीकिट के रूप में निशुल्क वितरित किए जाएंगे।
गेहूं और सरसों के बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को कृषि विभाग की वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। बीजों का वितरण ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मेरठ जिले को गेहूं की उन्नत प्रजातियों का 6866 कुंतल बीज आवंटित हुआ है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक है। वहीं, सरसों का 100 कुंतल बीज आवंटित किया गया है। सरसों के बीज का वितरण दो किलो प्रति मिनीकिट के हिसाब से किया जाएगा।
मौसम ने बढ़ाई बुवाई की चिंता
पिछले दो-तीन दिनों से मौसम खराब रहने के कारण आलू और सरसों की बुवाई में देरी की आशंका है। वहीं, चीनी मिलों के संचालन की तिथि भी आगे खिसकने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में सरकार की बीज अनुदान योजना से किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।


No comments:
Post a Comment