नेताजी के विचारों से ही बनेगा सशक्त और आत्मनिर्भर भारत: जीडी बख्शी
सुभारती विश्वविद्यालय में राष्ट्रवाद, स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण पर राष्ट्रीय संगोष्ठी; युवाओं से देशहित में ऊर्जा लगाने का आह्वान
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के राष्ट्रवाद, स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस पीठ एवं गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सत्यजीत रे ऑडिटोरियम में आयोजित संगोष्ठी का विषय ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस का भारत के प्रति दृष्टिकोण : राष्ट्रवाद, स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण’ रहा। मुख्य अतिथि रक्षा विशेषज्ञ मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. जीडी बख्शी और विशिष्ट अतिथि पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय तथा फिल्म निर्माता अमलेंदु कुसुम घोष रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. जीडी बख्शी ने कहा कि आजाद भारत में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। युवाओं को समझना चाहिए कि देश की स्वतंत्रता के लिए कितने संघर्ष और बलिदान किए गए। औपनिवेशिक शासन के दौरान भारतीयों के साथ होने वाले भेदभाव और अपमान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास की इन घटनाओं से स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्य और राष्ट्रीय स्वाभिमान का बोध होता है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस का साहस, सैन्य नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से नेताजी के विचारों का अध्ययन कर अपने ज्ञान और कौशल को राष्ट्रहित में लगाने का आह्वान किया।
पंजाब के पूर्व डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रशासनिक व्यवस्था, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों की अहम भूमिका है। नेताजी का जीवन युवाओं को स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं की शक्ति, चरित्र निर्माण और आत्मविश्वास से ही राष्ट्र का भविष्य तय होता है।
नेताजी का सपना आत्मनिर्भर और संगठित भारत
विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. डॉ. शल्या राज ने कहा कि नेताजी का जीवन साहस, त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के प्रति कृतज्ञ रहना हमारा दायित्व है। ऐसी संगोष्ठियां विद्यार्थियों को गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।
कुलपति प्रो. डॉ. विनय कुमार मित्तल ने कहा कि नेताजी के विचारों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, सामाजिक समरसता और अखंड भारत की परिकल्पना समाहित है। उनका सपना आत्मनिर्भर, संगठित और सशक्त भारत का था। आज के सामाजिक और शैक्षणिक परिदृश्य में भी उनके विचार प्रासंगिक हैं।
फिल्म निर्माता अमलेंदु कुसुम घोष ने युवाओं से अपनी दिशा और लक्ष्य पर केंद्रित रहने तथा अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग देशहित में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
पुस्तक का विमोचन, अतिथियों ने रखे विचार
संगोष्ठी के दौरान लेखक प्रो. अशोक त्यागी की पुस्तक ‘भारत की क्रांतिकारी चेतना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ का विमोचन किया गया। पुस्तक में भारतीय क्रांतिकारी चेतना और आधुनिक तकनीकी विकास के संबंधों के साथ एआई के दौर में राष्ट्र, समाज और शिक्षा के सामने उभर रही संभावनाओं एवं चुनौतियों पर विचार किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रितेश चौधरी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि नेताजी का व्यक्तित्व साहस, त्याग और अदम्य संकल्प का प्रतीक है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति सिंह ने किया। अंत में रामप्रकाश तिवारी ने अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षाविदों, आयोजकों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment