बच्ची के आत्मनिर्भर होने तक मुस्कान की फांसी टालने की मांग, बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाएगा कवि युगल
जिला कारागार में जैनाचार्य सौरभ सागर जी महाराज के जन्म जयंती महोत्सव पर फल वितरण करने पहुंचे सौरभ जैन सुमन और डॉ. अनामिका जैन अंबर, नीले ड्रम कांड की अभियुक्त मुस्कान से भी की मुलाकात
मेरठ। जैनाचार्य सौरभ सागर जी महाराज के 56वें जन्म जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में कवि युगल सौरभ जैन सुमन और डॉ. अनामिका जैन अंबर ने जिला कारागार में फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने नीले ड्रम कांड की अभियुक्त मुस्कान से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद कवि युगल ने उसकी बेटी की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की पेशकश की। साथ ही बच्ची के आत्मनिर्भर होने तक मुस्कान की फांसी टालने की मांग भी उठाई।
बेटी के भविष्य की चिंता में भावुक हुई मुस्कान
डॉ. अनामिका जैन अंबर ने बताया कि बातचीत के दौरान मुस्कान की आंखों में आंसू थे। उनके अनुसार, मुस्कान को अपनी दूधमुंही बेटी के भविष्य की चिंता सता रही है। सौरभ जैन सुमन ने बताया कि फल देते समय उन्होंने मुस्कान से कहा कि यह पूज्य जैनाचार्य के जन्मदिन का प्रसाद है, इसे ग्रहण करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ईश्वर सब अच्छा करेंगे। उनकी बात सुनकर मुस्कान भावुक हो गई और उसने प्रसाद स्वीकार कर लिया।
कवि युगल के मुताबिक, जेल में बंद होने के बाद से मुस्कान से मिलने कोई नहीं आया था। उनके अनुसार, यह पहली बार था जब किसी ने कारागार में उससे मुलाकात की।
बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाने की पेशकश
जेल से बाहर आने के बाद डॉ. अनामिका जैन अंबर ने मुस्कान की बेटी को अपने स्कूल में पढ़ाने और उसकी शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि मुस्कान ने गंभीर अपराध किया है, लेकिन उसकी बेटी का इसमें कोई दोष नहीं है। बच्ची ने जन्म भी कारागार में लिया है, ऐसे में उसके भविष्य की जिम्मेदारी समाज को भी समझनी चाहिए।
सौरभ जैन सुमन ने भी कहा कि उनका स्कूल मुस्कान की बेटी को निःशुल्क शिक्षा देने के लिए तैयार है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बच्ची की शिक्षा पर होने वाला खर्च वे उसके विवाह तक उठाने को तैयार हैं।
न्यायालय से की फांसी टालने की अपील
डॉ. अनामिका जैन अंबर ने कहा कि वह न्यायालय से प्रार्थना करेंगी कि मुस्कान की फांसी तब तक टाल दी जाए, जब तक उसकी बेटी इतनी सक्षम न हो जाए कि अपना पालन-पोषण स्वयं कर सके। उनका कहना है कि अपराध के लिए कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन बच्ची का भविष्य भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।


No comments:
Post a Comment