खादी महोत्सव में नरसिंह अवतार की प्रस्तुति ने बांधा समां, स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी को उमड़े लोग

दशहरा की छुट्टी पर प्रदर्शनी में बढ़ी भीड़, कलावाटिका डांस एकेडमी के कलाकारों ने दीं रंगारंग प्रस्तुतियां; कारीगरों के चेहरे खिले

मेरठ। दशहरा की छुट्टी पर मंगलवार को मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी एवं महोत्सव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम को कलावाटिका डांस एकेडमी के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान नरसिंह के अवतार पर आधारित नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, महोत्सव में बढ़ी ग्राहकों की आवाजाही से खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की बिक्री में भी तेजी देखने को मिली।

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल की ओर से आयोजित महोत्सव में मंगलवार शाम छह बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलाकारों ने विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। भगवान नरसिंह पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।



दशहरा के अवसर पर सरकारी अवकाश होने के कारण सुबह से ही प्रदर्शनी में लोगों की आवाजाही बनी रही। परिवारों ने महोत्सव में पहुंचकर खादी के कपड़ों और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की खरीदारी की। ग्राहकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री का अच्छा अवसर मिला।



अतिथियों ने कलाकारों का बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अंजू वारियर और विशिष्ट अतिथि रेनू गुप्ता रहीं। दोनों अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी राजीव भी मौजूद रहे।

स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना उद्देश्य

परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि मंडलीय खादी महोत्सव का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना तथा पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना है। महोत्सव के माध्यम से आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए प्रदर्शनी के साथ कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts