मेरठ की सियासत में राशिद अखलाक की एंट्री की तैयारी, अगले महीने खोलेंगे सीट के पत्ते

शहर या दक्षिण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज; बसपा नेता ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले—जनता बदलाव चाहती है

मेरठ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच मेरठ में भी सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता और पूर्व प्रत्याशी राशिद अखलाक ने चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, उन्होंने अभी अपनी विधानसभा सीट का खुलासा नहीं किया है। उनका कहना है कि अगले महीने तक स्पष्ट कर दिया जाएगा कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे।

लिसाड़ी रोड स्थित एक मंडप में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान राशिद अखलाक ने मीडिया से बातचीत में अपनी चुनावी तैयारियों और प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर बात रखी। उनके चुनाव लड़ने के संकेत के बाद मेरठ शहर और मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

भाजपा सरकार पर विकास की अनदेखी का आरोप

राशिद अखलाक ने भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विकास के मामले में मेरठ शहर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की अपेक्षित अनदेखी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और इसका असर आगामी चुनाव में दिखाई दे सकता है।

हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी दावेदारी शहर सीट पर होगी या दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से। उन्होंने अगले महीने तक सीट के संबंध में घोषणा करने की बात कही।

हिंदू-मुस्लिम एकता पर भी रखी बात

राशिद अखलाक ने हिंदू-मुस्लिम एकता के मुद्दे पर कहा कि उन्होंने मेरठ में धर्म के आधार पर विभाजन की राजनीति का विरोध किया है। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर संघर्ष के दौरान उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ, लेकिन वह अपने रुख से पीछे नहीं हटेंगे।

पूर्व विधायक हाजी अखलाक के बेटे हैं राशिद

राशिद अखलाक पूर्व विधायक स्वर्गीय हाजी अखलाक के बेटे हैं और बसपा से जुड़े रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी सक्रियता के बाद मेरठ की राजनीति में उनकी संभावित दावेदारी पर चर्चा शुरू हो गई है।

अब सभी की निगाहें अगले महीने होने वाली उनकी घोषणा पर टिकी हैं। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि राशिद अखलाक मेरठ शहर या मेरठ दक्षिण में से किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts