पैर में गोली लगी, फिर कचहरी में फर्राटा! इनामी फिरोज के वीडियो ने मुठभेड़ पर उठाए सवाल
मेरठ में 15 हजार के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के बाद वायरल हुआ वीडियो, डीआईजी कलानिधि नैथानी ने दिए जांच के आदेश; मुठभेड़ में शामिल सात पुलिसकर्मियों से मांगा स्पष्टीकरण
मेरठ। पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के कुछ घंटे बाद ही 15 हजार रुपये का इनामी आरोपी फिरोज कचहरी में पुलिसकर्मियों के साथ तेजी से चलता दिखाई दिया। वीडियो सामने आने के बाद मुठभेड़ की परिस्थितियों पर सवाल उठने लगे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए डीआईजी कलानिधि नैथानी ने जांच के आदेश दिए हैं। मुठभेड़ में शामिल सात पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। इसके साथ ही आरोपी के परिजनों की ओर से बैग में नकदी होने के लगाए गए आरोप की भी जांच की जाएगी।
मामला लोहिया नगर थाना क्षेत्र के न्यू इस्लामनगर में स्क्रैप कारोबारी हारुन को गोली मारने से जुड़ा है। आरोप है कि 11 सितंबर को कमेटी की रकम के विवाद में हारुन पर गोलियां चलाई गई थीं। इस मामले में इरशाद, उसके बेटे रविश और भाई फिरोज के नाम सामने आए थे। पुलिस ने इरशाद और फिरोज पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
तमंचा बरामदगी के दौरान मुठभेड़ का दावा
पुलिस के मुताबिक, तीन अक्टूबर को लोहिया नगर पुलिस और स्वाट टीम ने फिरोज को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे तमंचा बरामद कराने के लिए बजौट गांव के अंडरपास के पास ले जाया गया। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान फिरोज ने तमंचे से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। इस दौरान फिरोज के पैर में गोली लग गई।
पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसके घाव की जांच कर मेडिकल रिपोर्ट तैयार की। उसी दिन आरोपी को अदालत में पेश करने के लिए कचहरी लाया गया। यहां वह पुलिसकर्मियों के साथ तेजी से चलता दिखाई दिया। इसका वीडियो सामने आने के बाद मुठभेड़ में लगी चोट और आरोपी के चलने की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे।
सात पुलिसकर्मियों से जवाब तलब
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मामले की जांच के निर्देश देते हुए मुठभेड़ में शामिल उपनिरीक्षक मनीष सिंह, शिवम पाठक, सतेन्द्र सिंह और कुलदीप सिंह के अलावा हेड कांस्टेबल नवनीत, मयंक शर्मा और अभिषेक राणा से स्पष्टीकरण मांगा है। जांच में मुठभेड़ के दौरान हुई कार्रवाई और उसके बाद की परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी।
बैग में नकदी होने के आरोप की भी जांच
इस प्रकरण में इरशाद के घर की तलाशी के दौरान एक बैग मिलने का मामला भी सामने आया था। आरोप लगाया गया था कि बैग में नकदी भरी हुई थी, जबकि पुलिस ने उसमें रुपये होने से इनकार किया था। इसके बाद इरशाद के बेटे रविश ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया था।
अब डीआईजी के निर्देश पर मुठभेड़ और बैग में नकदी होने के आरोप, दोनों पहलुओं की जांच होगी। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मुठभेड़ की परिस्थितियां क्या थीं और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।


No comments:
Post a Comment