सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी के घर के पास मंदिर में चोरी, पांच मूर्तियां ले उड़े चोर
दो चांदी और तीन पीतल की मूर्तियों के साथ आभूषण भी चोरी, सीसीटीवी में तीन संदिग्ध नजर आए; खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के न्यू मोहनपुरी स्थित श्री दयालेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार देर रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से भगवान की पांच छोटी मूर्तियां चोरी कर ले गए। इनमें दो चांदी और तीन पीतल की मूर्तियां शामिल हैं। मूर्तियों पर चढ़े आभूषण भी चोर अपने साथ ले गए। शनिवार सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी को घटना की जानकारी हुई। मंदिर भाजपा के राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी के आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित है।
सुबह खुला मिला मंदिर का ताला
मंदिर के पुजारी पंडित रोशन ने बताया कि शनिवार सुबह जब वह मंदिर पहुंचे तो गेट का ताला खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो भगवान की पांच मूर्तियां गायब थीं। इनमें राधा रानी और लड्डू गोपाल की मूर्तियां भी शामिल हैं। दोनों मूर्तियों पर सोने के कुंडल सहित अन्य आभूषण थे। पुजारी के मुताबिक, मंदिर में सामान्यतः ताला लगा रहता है और उसकी चाबी उनके पास रहती है। शुक्रवार रात मंदिर बंद था, लेकिन सुबह ताला खुला मिला। चोरों ने ताला चाबी से खोला या किसी अन्य तरीके से, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
सीसीटीवी में तीन संदिग्ध दिखाई दिए
पुजारी ने मंदिर के संस्थापक और संबंधित लोगों को सूचना देने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने जांच-पड़ताल की और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुजारी के अनुसार, फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। इनमें एक बाइक लेकर बाहर रुका था, जबकि दो संदिग्ध मंदिर के अंदर गए और मूर्तियां चोरी कर फरार हो गए।
खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित
सीओ सिविल लाइन दीक्षा भोरिया ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा करने की बात कही है।



No comments:
Post a Comment