मायावती ने 5 नवंबर को बुलाई यूपी के पदाधिकारियों की बैठक, 6 दिसंबर की रैली पर होगा मंथन

आकाश आनंद समेत प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और मंडल कोऑर्डिनेटर होंगे शामिल; चंद्रशेखर की 26 नवंबर की प्रस्तावित रैली के बीच बसपा भी दिखाएगी ताकत

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने पांच नवंबर को उत्तर प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों की अहम बैठक बुलाई है। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद, प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, जिलाध्यक्ष और मंडल कोऑर्डिनेटर शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में छह दिसंबर को लखनऊ में बड़ी रैली या सभा आयोजित करने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, रैली की आधिकारिक घोषणा बैठक के बाद ही होने की संभावना है।

चंद्रशेखर की रैली के जवाब में बसपा की तैयारी

आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई पार्क में बड़ी रैली करने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी इस रैली में पांच लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य है। इसके जरिए दलित मतदाताओं के बीच अपनी पार्टी की राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश की जा रही है।

वहीं, मायावती छह दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ में रैली कर सियासी संदेश देना चाहती हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बसपा प्रमुख चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और पार्टी की ताकत प्रदर्शित करने के लिए बड़ा आयोजन करना चाहती हैं। मायावती पहले भी चंद्रशेखर का नाम लेकर उन पर राजनीतिक हमला कर चुकी हैं।

100 से अधिक प्रत्याशी घोषित कर चुकी है बसपा

बसपा अब तक करीब 100 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। मायावती ने नवंबर तक विधानसभा चुनाव के अधिकतर दावेदारों की सूची फाइनल करने के निर्देश दिए हैं। पांच नवंबर की बैठक में प्रत्याशियों की तैयारियों और संगठन की सक्रियता की समीक्षा भी की जा सकती है। इसके साथ ही एसआईआर प्रक्रिया में छूटे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के निर्देशों पर हुई कार्रवाई का भी जायजा लिया जाएगा।

बैठक के बाद दिल्ली जा सकती हैं मायावती

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक के बाद मायावती दिल्ली जा सकती हैं। वहां उन्हें सरकार की ओर से आवंटित आवास का कब्जा लेना है। इसके अलावा वह अपनी छोटी बहन की बेटी की शादी में भी शामिल होंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts