थप्पड़ की आग में रिश्तों का कत्ल! 210 किमी दूर से लौटकर किशोर ने मासूम चचेरे भाई को मार डाला
मुजफ्फरनगर। महज एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए 16 वर्षीय किशोर ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। हरियाणा के पिंजौर से करीब 210 किलोमीटर दूर मुजफ्फरनगर के सठेड़ी गांव पहुंचे किशोर ने अपने नौ साल के चचेरे भाई अमन की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को दिल्ली-दून हाईवे के पास गन्ने के खेत में पत्तियों के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी किशोर को पकड़कर उसकी निशानदेही पर शुक्रवार सुबह शव बरामद कर लिया। पूछताछ में हत्या की वजह पिंजौर में अमन के पिता द्वारा मारा गया थप्पड़ सामने आई है।
28 अक्टूबर को घर के सामने से लापता हुआ था अमन
रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेड़ी गांव निवासी जमशेद हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर में अपने भाइयों के साथ फर्नीचर का काम करते हैं। उनका नौ वर्षीय बेटा अमन गांव के न्यू चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल में कक्षा एक का छात्र था। 28 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे अमन घर के सामने से अचानक लापता हो गया। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी में चचेरे भाई के साथ दिखा था अमन
पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो अमन आखिरी बार अपने 16 वर्षीय चचेरे भाई के साथ दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर किशोर से पूछताछ की, लेकिन उसने अनभिज्ञता जताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। शुरुआती पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया, लेकिन पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
इसी दौरान गांव में बच्चे की गुमशुदगी को लेकर चर्चा हुई तो किशोर ने कथित तौर पर कहा कि अब अमन नहीं मिलेगा। यह बात पुलिस तक पहुंची तो उसे दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया। सख्ती से पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। शुक्रवार सुबह उसकी निशानदेही पर गन्ने के खेत से अमन का शव बरामद किया गया।
बाइक खराब होने का बहाना बनाकर ले गया था
पुलिस के मुताबिक, आरोपी किशोर अमन को बाइक खराब होने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया था। वह उसे दिल्ली-दून हाईवे के किनारे स्थित गहरे खेत में ले गया और कपड़े से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गन्ने की पत्तियों के नीचे छिपा दिया। बरसात के कारण दो दिन तक खेतों में आवाजाही कम रही, इसलिए किसी को घटना का पता नहीं चला।
पिंजौर में चोरी के मामले में पड़ा था थप्पड़
पूछताछ में हत्या की वजह सामने आई कि आरोपी करीब छह महीने पहले काम सीखने के लिए पिंजौर गया था। बाद में वह दूसरी दुकानों पर काम करने लगा। 18 अक्टूबर को पड़ोसी की दुकान में चोरी के मामले में वह पकड़ा गया था। सीसीटीवी फुटेज से उसकी संलिप्तता की पुष्टि होने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। इसके बाद अमन के पिता जमशेद ने दुकानदारों की मदद से मामला निपटवाया और किशोर को डांटते हुए थप्पड़ मार दिया। इसी घटना से नाराज होकर वह 18 अक्टूबर को गांव लौट आया था। पुलिस के अनुसार, उसने इसी अपमान का बदला लेने के लिए अमन की हत्या की।
तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था अमन
अमन तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी हत्या से मां राबिया और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। शुक्रवार देर रात गमगीन माहौल में मासूम को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
किशोर को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जाएगा
एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि आरोपी किशोर को पकड़ लिया गया है। उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जाएगा।
अपमान की भावना में लिया खौफनाक कदम
मनोचिकित्सक डॉ. अर्पण जैन के मुताबिक, किशोरावस्था में आत्मसम्मान और अपनी पहचान की भावना बेहद महत्वपूर्ण होती है। किसी बड़े व्यक्ति की ओर से थप्पड़ मारे जाने को किशोर शारीरिक चोट के साथ सार्वजनिक अपमान के रूप में भी महसूस कर सकता है। हालांकि, ऐसी भावना किसी भी तरह से हिंसा या हत्या को उचित नहीं ठहराती।


No comments:
Post a Comment