सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के पैरोकार अंजनेय सिंह बने मेडा के अधिवक्ता, नियुक्ति से उठे सवाल
व्यापारियों के आंदोलन में रहे सक्रिय, बाजार बंदी से बनाई थी दूरी; पूर्व एडीएम बृजेश सिंह के मेडा सचिव बनने के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज
मेरठ। सेंट्रल मार्केट प्रकरण में व्यापारियों की ओर से पैरवी और उनके आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अधिवक्ता अंजनेय सिंह को मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) के पैनल में अधिवक्ता नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद व्यापारी वर्ग से लेकर प्रशासनिक हलकों तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खास बात यह है कि अंजनेय सिंह सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के पक्ष में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। ऐसे में प्राधिकरण की ओर से उन्हें अपने पैनल में शामिल किया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
आंदोलन में रहे सक्रिय, बाजार बंदी से बनाई थी दूरी
सेंट्रल मार्केट प्रकरण में अंजनेय सिंह व्यापारियों की बैठकों और विभिन्न गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों के पक्ष में अपनी सक्रियता दिखाई थी। हालांकि, व्यापारियों की ओर से बाजार बंद रखने के फैसले के दौरान वह आंदोलन में शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद से ही उनके प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में रहने की चर्चाएं सामने आती रही हैं। अब MDA के पैनल में उनकी नियुक्ति को इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
पूर्व ADM बृजेश सिंह की नियुक्ति के बाद चर्चा तेज
मेरठ के पूर्व एडीएम बृजेश सिंह को कुछ दिन पहले ही MDA का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके बाद अधिवक्ता अंजनेय सिंह की पैनल में नियुक्ति ने चर्चाओं को और हवा दे दी है। दोनों नियुक्तियों को लेकर प्रशासनिक और व्यापारी हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, दोनों नियुक्तियों के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
व्यापारियों और अधिकारियों के बीच संतुलन बनाने की चर्चा
शहर में यह भी चर्चा है कि व्यापारियों और MDA अधिकारियों के बीच जारी तनातनी को संभालने के लिए अंजनेय सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। कुछ लोग उनकी नियुक्ति को प्रशासन और व्यापारियों के बीच संवाद का माध्यम बनाने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं, जबकि अन्य इसे लेकर सवाल उठा रहे हैं। नियुक्ति के पीछे प्राधिकरण का आधिकारिक पक्ष और चयन के आधार की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि व्यापारियों के पक्ष में सक्रिय रहे अधिवक्ता को MDA ने अपने पैनल में किस आधार पर शामिल किया है? इस संबंध में प्राधिकरण की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


No comments:
Post a Comment