आईआईएमटी स्टार्ज़ किड्स में धूमधाम से मनाई गई डांडिया नाइट

- गरबा की धुन पर झूमीं महिलाएं, गरबा एवं डांडिया नृत्य का आनंद उठाया

मेरठ। गंगानगर स्थित आईआईएमटी स्टार्ज़ किड्स में नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। पारंपरिक वेशभूषा, रंग-बिरंगे परिधानों और गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईएमटी ग्रुप की प्रबंध संचालिका श्रीमती पियांशु अग्रवाल, श्रीमती सौरभ अग्रवाल तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मनीषा मेहता ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की अध्यापिकाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का उत्साह बढ़ाया। वहीं, डांडिया नाइट में महानगर के विभिन्न हिस्सों से आईं महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पारंपरिक संगीत की धुनों पर गरबा एवं डांडिया नृत्य का आनंद उठाया। डीजे चिराग के शानदार संगीत ने आयोजन में चार चांद लगा दिए और पूरा परिसर उत्सव के रंगों से सराबोर हो गया।

महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इसके साथ ही व्रत के अनुकूल खाद्य पदार्थों और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए, जिनका महिलाओं ने भरपूर आनंद लिया।

आईआईएमटी ग्रुप की प्रबंध संचालिका श्रीमती पियांशु अग्रवाल ने कहा कि नवरात्रि  पर्व भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। डांडिया नाइट जैसे कार्यक्रम आपसी मेल-जोल, उत्साह और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि आईआईएमटी ग्रुप शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों और समाज को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मनीषा मेहता ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देना और लोगों को आपसी मेल-मिलाप के माध्यम से त्योहारों की खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की सभी अध्यापिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। डांडिया नाइट ने नवरात्रि के उल्लास को और बढ़ाते हुए उपस्थित लोगों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और एकता का संदेश दिया। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts