स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में मानवाधिकार और लैंगिक संवेदनशीलता पर व्याख्यान
‘संकल्प’ अभियान के तहत रैगिंग, यौन हिंसा और भेदभाव के प्रति किया जागरूक; 110 विद्यार्थी और छह संकाय सदस्य हुए शामिल
मेरठ अक्टूबर। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा पोषित ‘संकल्प’ अभियान के अंतर्गत मानवाधिकार, रैगिंग की रोकथाम, लैंगिक भेदभाव और यौन हिंसा जैसे विषयों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 110 विद्यार्थियों और छह संकाय सदस्यों ने सहभागिता की। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ परिसर में सुरक्षा, समानता और सम्मान की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, वीएसएम (सेवानिवृत्त) के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के स्मार्ट क्लास, पोस्ट हार्वेस्ट में हुआ। नई दिल्ली स्थित नमो फाउंडेशन की अधिवक्ता सोनाक्षी राधिका ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को मानवाधिकारों, व्यक्तिगत गरिमा, समानता और परस्पर सम्मान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज की पहचान इस बात से होती है कि वहां प्रत्येक व्यक्ति के अधिकारों और सम्मान की कितनी रक्षा की जाती है।
रैगिंग पर चर्चा करते हुए उन्होंने इसके मानसिक, भावनात्मक और शैक्षणिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी को अपमानित या भयभीत न करने और रैगिंग की रोकथाम में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। लैंगिक भेदभाव और यौन हिंसा के विषय में उन्होंने व्यक्तिगत सीमाओं का सम्मान करने तथा उत्पीड़न और हिंसक व्यवहार के प्रति सजग रहने पर जोर दिया।
कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने कहा कि खेल और शिक्षा में उत्कृष्टता के साथ मानवीय गरिमा, समानता, अनुशासन और पारस्परिक सम्मान को भी सर्वोच्च महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से सुरक्षित, समावेशी और सम्मानजनक परिसर के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कुलसचिव सुनील कुमार झा ने संस्थागत अनुशासन और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के महत्व को रेखांकित किया। डीन, अकादमिक अफेयर्स एवं आंतरिक शिकायत समिति की समन्वयक डॉ. रचना वर्मा ने लैंगिक समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर दिया। वहीं, डीन, स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. पूनम भंडारी ने विद्यार्थी सुरक्षा और रैगिंग एवं भेदभाव से मुक्त परिसर के निर्माण में ऐसे कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक और खेल उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि संवेदनशील, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक तैयार करना भी है। ‘संकल्प’ अभियान के तहत आयोजित यह व्याख्यान विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।


No comments:
Post a Comment