डिफेंस एंक्लेव से हटेगा जोनल कार्यालय, वाहन डिपो भी शिफ्ट
विधायक अमित अग्रवाल के प्रस्ताव पर पहाड़ी कासमपुर में नए कार्यालय का निर्माण शुरू, नंगलाताशी डिवाइडर रोड पहुंचा वाहन डिपो
मेरठ। कंकरखेड़ा स्थित डिफेंस एंक्लेव, वार्ड-21 के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। कॉलोनी के सामुदायिक केंद्र में संचालित जोनल कार्यालय के लिए पहाड़ी कासमपुर में नए भवन का निर्माण शुरू हो गया है। वहीं, पार्क में बने वाहन डिपो को नंगलाताशी डिवाइडर रोड स्थित पानी की टंकी परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे कॉलोनीवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कोरोना काल से नगर निगम डिफेंस एंक्लेव के सामुदायिक केंद्र का इस्तेमाल जोनल कार्यालय और पार्क का उपयोग वाहन डिपो के रूप में कर रहा था। इसके चलते स्थानीय निवासियों, जिनमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक भी शामिल हैं, को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। कॉलोनीवासी लंबे समय से दोनों को हटाकर सामुदायिक केंद्र और पार्क को उनके मूल उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। विधायक अमित अग्रवाल ने नगर निगम अधिकारियों के समक्ष यह प्रस्ताव रखा था, जिसके बाद स्थानांतरण की कार्रवाई आगे बढ़ी।
विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान कराना और उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सामुदायिक केंद्र और पार्क स्थानीय निवासियों की जरूरतों के लिए उपलब्ध होने चाहिए। जनहित से जुड़े मुद्दों पर संबंधित विभागों से समन्वय कर आगे भी काम किया जाएगा।
दोनों मांगों पर कार्रवाई के बाद डिफेंस एंक्लेव के निवासियों ने खुशी जताई। इस उपलक्ष्य में रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार की अध्यक्षता में धन्यवाद एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त राजेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ए.के. कौशिक, सुदेश राणा, विजय हिंदुस्तानी, ऋषि पाल मलिक, डी.एस. मलिक, चमन गिरी, राजदीप गुप्ता, लवली भारद्वाज, विपिन सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment