स्वाति चौधरी ने तीरंदाजी में रचा इतिहास, एशियन पैरा गेम्स में जीता रजत

महिला W1 स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय तीरंदाज बनीं, चीन की सेन मेंगकान से 4-6 से मिली हार; मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई

मेरठ। एशियन पैरा गेम्स-2026 में भारतीय तीरंदाज स्वाति चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने गुरुवार को महिला व्यक्तिगत W1 तीरंदाजी स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। इस उपलब्धि के साथ स्वाति इस वर्ग में एशियन पैरा गेम्स का पदक जीतने वाली पहली भारतीय तीरंदाज बन गईं।

स्वर्ण पदक के लिए हुए मुकाबले में स्वाति को चीन की सेन मेंगकान ने 6-4 से हराया। हालांकि, स्वाति ने रजत पदक अपने नाम कर भारतीय तीरंदाजी में नया अध्याय जोड़ दिया। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वाति की ऐतिहासिक सफलता भारत के अनगिनत युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को स्वाति पर गर्व है।

खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर

प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्टेडियम, बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल, स्विमिंग पूल और सिंथेटिक कोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। एक जनपद-एक खेल योजना के तहत सभी 75 जिलों में खेलो इंडिया सेंटर स्वीकृत किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रशिक्षण, खेल किट और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।

लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर में पांच स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित हैं, जहां 14 खेलों में प्रशिक्षण के साथ खिलाड़ियों को आवास, भोजन और शिक्षा की सुविधा मिलती है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को भी खेल शिक्षा और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

पदक विजेताओं को पुरस्कार और नौकरी के अवसर

प्रदेश सरकार की खेल नीति के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि और सम्मान दिया जाता है। ओलंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने पर छह करोड़, रजत पर चार करोड़ और कांस्य पदक पर दो करोड़ रुपये देने का प्रावधान है। इसके अलावा लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कारों के माध्यम से खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। खेल सुविधाओं के विस्तार और बेहतर प्रशिक्षण के प्रयासों से प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts