एक्सिस बैंक और आईआईएम बैंगलोर में साझेदारी, नया सेंटर ऑफ इकोनॉमिक्स होगा स्थापित

मेधावी छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति, आर्थिक शोध और शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर

नागपुर, अक्टूबर। एक्सिस बैंक और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट बैंगलोर (आईआईएमबी) ने शिक्षा, अनुसंधान और आर्थिक अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए साझेदारी की है। इसके तहत आईआईएमबी के नए कैंपस में ‘एक्सिस बैंक सेंटर ऑफ इकोनॉमिक्स’ स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

यह सेंटर बेंगलुरु के जिगानी स्थित आईआईएमबी-दोराबजी टाटा स्कूल ऑफ अंडरग्रेजुएट स्टडीज में स्थापित होगा। एक्सिस बैंक सेंटर के निर्माण और संचालन के साथ शैक्षणिक अनुसंधान, शिक्षकों के क्षमता विकास तथा पात्र मेधावी छात्रों को उनकी आवश्यकता और योग्यता के आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान करने में सहयोग करेगा।

एमओयू पर मुंबई के वर्ली स्थित एक्सिस हाउस में हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर आईआईएम बैंगलोर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरपर्सन डॉ. देवी प्रसाद शेट्टी, एक्सिस बैंक के एमडी एवं सीईओ अमिताभ चौधरी, आईआईएमबी के डायरेक्टर-इन-चार्ज प्रो. यू. दिनेश कुमार और एक्सिस बैंक के ग्रुप हेड विजय मुलबागल सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सेंटर को नए कैंपस के पहले चरण में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड एकेडमिक एंड एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के भीतर विकसित किया जाएगा। यह पूरे स्कूल के लिए प्रमुख शैक्षणिक और अनुसंधान केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां अर्थशास्त्र की गहन समझ के साथ मात्रात्मक अध्ययन, कंप्यूटेशनल लर्निंग, डेटा आधारित अनुप्रयोगों और अनुभवजन्य विश्लेषण पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को वास्तविक आर्थिक चुनौतियों को समझने और उनके समाधान तलाशने के लिए तैयार करना है।

एक्सिस बैंक के ग्रुप हेड विजय मुलबागल ने कहा कि भारत के जटिल आर्थिक परिदृश्य को समझने के लिए बहु-विषयक शिक्षा और शोध महत्वपूर्ण हैं। बैंक का लक्ष्य आईआईएम बैंगलोर के साथ मिलकर स्नातक शिक्षा में वैश्विक मानकों के अनुरूप शिक्षण और शोध का मजबूत मॉडल विकसित करना है। यह साझेदारी भारत की दीर्घकालिक, समावेशी और सतत प्रगति में योगदान देने वाले संस्थानों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

आईआईएमबी के डायरेक्टर-इन-चार्ज प्रो. यू. दिनेश कुमार ने कहा कि अर्थशास्त्र व्यवसायों, बाजारों और समाज को प्रभावित करने वाले कारकों को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सेंटर के माध्यम से छात्रों और शिक्षकों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक आर्थिक विकास का गहन अध्ययन करने के अवसर मिलेंगे। इससे संस्थान के शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और विश्वस्तरीय स्नातक शिक्षा के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि आईआईएमबी-दोराबजी टाटा स्कूल ऑफ अंडरग्रेजुएट स्टडीज ने अगस्त 2026 में अपना पहला शैक्षणिक सत्र शुरू किया था। डेटा साइंस और अर्थशास्त्र में बैचलर ऑफ साइंस (ऑनर्स) कार्यक्रम के लिए करीब 12 हजार आवेदकों में से चयन प्रक्रिया के जरिए 80 विद्यार्थियों का चयन किया गया। इनमें से 40 विद्यार्थी डेटा साइंस में माइनर के साथ अर्थशास्त्र में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल करेंगे।

‘एक्सिस बैंक सेंटर ऑफ इकोनॉमिक्स’ से भविष्य के अर्थशास्त्रियों, शोधकर्ताओं और नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही, यह पहल भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास और वैश्विक आर्थिक परिदृश्य को समझने में सक्षम नई पीढ़ी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts