मिट्टी के हुनर को मिलेगा बाजार, एक नवंबर से सजेगा सात दिवसीय माटीकला मेला

खादी महोत्सव में 5.35 करोड़ के कारोबार के बाद दीपावली पर कारीगरों को मिलेगा बड़ा अवसर, निःशुल्क स्टॉल की सुविधा

मेरठ। मिट्टी में हुनर के रंग भरकर आकर्षक उत्पाद तैयार करने वाले माटीकला कारीगरों के लिए मेरठ में रोजगार और कारोबार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। खादी महोत्सव में 5.35 करोड़ रुपये के कारोबार की सफलता के बाद अब प्रदेश सरकार दीपावली के अवसर पर माटीकला मेले का आयोजन करने जा रही है। एक नवंबर से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में शुरू होने वाला यह मेला सात दिन तक चलेगा। मेले में कारीगरों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को मजबूती देना है।

माटीकला बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाले इस मेले में मिट्टी के दीये, बर्तन और सजावटी उत्पादों सहित विभिन्न पारंपरिक वस्तुओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले के लिए कारीगरों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। हाल ही में दस दिन तक चले मेरठ मंडलीय खादी महोत्सव में 5.35 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था, जिससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिला। अब दीपावली के त्योहार को देखते हुए माटीकला उत्पादों की बिक्री बढ़ाने और कारीगरों की आमदनी में इजाफा करने की तैयारी है। इससे शहरवासियों को भी स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के लिए एक ही स्थान पर विभिन्न विकल्प मिल सकेंगे।

दूसरे जिलों और राज्यों के कारीगर भी होंगे शामिल

माटीकला मेले को व्यापक स्वरूप देने के लिए मेरठ के अलावा दूसरे जिलों और राज्यों के माटीकला कारीगरों, लाभार्थियों तथा कारोबारियों को भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे विभिन्न क्षेत्रों में तैयार होने वाले पारंपरिक मिट्टी के उत्पादों को एक मंच पर प्रदर्शित करने और बेचने का अवसर मिलेगा। साथ ही कारीगरों को नए ग्राहक मिलने और अपने कारोबार का विस्तार करने में मदद मिल सकेगी।

हुनर को बाजार से जोड़कर बढ़ेगी आमदनी : मान्या चतुर्वेदी

परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि खादी महोत्सव में हुए बेहतर कारोबार के बाद अब माटीकला उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। माटीकला मेला पारंपरिक कारीगरों के हुनर को बाजार से जोड़ने और उनकी आमदनी बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने मेले में भाग लेने के इच्छुक माटीकला कारीगरों से मोबाइल नंबर 9580503193 पर संपर्क करने की अपील की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts