नवंबर में खाली संपत्तियों की ई-नीलामी करेगा आवास विकास परिषद

5 नवंबर को पहली नीलामी, एकल बोली मिलने पर 27 नवंबर को फिर मिलेगा मौका; टीपी नगर, माधवपुरम, जागृति विहार और शास्त्री नगर की संपत्तियां होंगी नीलाम

मेरठ । आवास विकास परिषद ने अपनी विभिन्न योजनाओं में लंबे समय से खाली पड़ी आवासीय, अनावासीय और शैक्षणिक संपत्तियों के निस्तारण के लिए नवंबर 2026 में ई-नीलामी कराने की तैयारी की है। इसके तहत इच्छुक खरीदारों को निर्धारित समय में पंजीकरण कराकर टोकन धनराशि जमा करनी होगी। परिषद की ओर से इन संपत्तियों की बिक्री के लिए समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कराने की कार्ययोजना भी तैयार की गई है।

परिषद की अनुमोदित कार्ययोजना के अनुसार, ई-नीलामी के लिए विज्ञापन प्रकाशन की तिथि 16 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई थी। वहीं, पंजीकरण और टोकन धनराशि जमा करने की अवधि 21 अक्टूबर से 4 नवंबर तक रखी गई है। पहली ई-नीलामी 5 नवंबर 2026 को आयोजित होगी।

एकल बोली पर 27 नवंबर को दोबारा नीलामी

यदि 5 नवंबर को किसी संपत्ति के लिए केवल एक ही बोली प्राप्त होती है, तो उसके लिए दोबारा ई-नीलामी कराई जाएगी। इसके लिए पंजीकरण और टोकन धनराशि जमा करने की अवधि 7 से 26 नवंबर तक निर्धारित की गई है। पुनः ई-नीलामी 27 नवंबर 2026 को होगी। यह व्यवस्था परिषद की 268वीं बैठक में 18 सितंबर 2024 को मद संख्या 268/20 के तहत अनुमोदित प्रस्ताव के अनुसार की गई है।

टीपी नगर से शास्त्री नगर तक खाली हैं संपत्तियां

उप आवास आयुक्त अनिल कुमार ने बताया कि टीपी नगर में दो अनावासीय संपत्तियां, माधवपुरम योजना संख्या-10 में दो अनावासीय संपत्तियां और तीन स्कूल, जागृति विहार योजना संख्या-11 में 26 अनावासीय और एक आवासीय संपत्ति तथा शास्त्री नगर योजना संख्या-3 में नौ दुकानें लंबे समय से खाली पड़ी हैं। इन संपत्तियों को ई-नीलामी के माध्यम से बेचा जाएगा।

परिषद ने प्रस्तावित ई-नीलामी के विज्ञापन विभिन्न समाचार पत्रों में न्यूनतम दरों पर प्रकाशित कराने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य लंबे समय से खाली संपत्तियों का निस्तारण करना और इच्छुक खरीदारों को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत बोली लगाने का अवसर उपलब्ध कराना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts