पीएनबी के खेल उत्सव में दिखा दमखम, ‘ताल तरंग’ में बिखरे सांस्कृतिक रंग
क्रिकेट, बैडमिंटन, शतरंज और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों ने लिया हिस्सा; नृत्य, गायन और संगीत से प्रतिभागियों ने बांधा समां
मेरठ। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के मंडल कार्यालय मेरठ की ओर से अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खेल भावना, टीमवर्क और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल उत्सव और ‘ताल तरंग’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 11 अक्टूबर को आयोजित खेल उत्सव में कर्मचारियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि 23 अक्टूबर को आयोजित ‘ताल तरंग’ कार्यक्रम में नृत्य, गायन और संगीत की प्रस्तुतियों से प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेल उत्सव का शुभारंभ मेरठ अंचल प्रबंधक अजय कुमार टिबड़ेवाल ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए बैंक की ओर से इस प्रकार की गतिविधियों के आयोजन की सराहना की। खेल प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, बैडमिंटन, शतरंज, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
‘ताल तरंग’ में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
23 अक्टूबर को आयोजित ‘ताल तरंग’ कार्यक्रम में बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नृत्य, गायन और संगीत की प्रस्तुतियां देकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम में श्रीमती मौसमी चौधरी और श्रीमती पारुल जैन मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर मंडल प्रमुख नीरज कुमार आनंद ने कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों की रचनात्मकता को निखारने के साथ आपसी सहयोग और संगठन के प्रति अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पीएनबी की ओर से आयोजित इन दोनों कार्यक्रमों से बैंक परिवार में एकता, उत्साह और सकारात्मक कार्य-संस्कृति को बढ़ावा मिला।



No comments:
Post a Comment