जम्मू के शिवा मार्केट में आग का तांडव, 40 दुकानें जलकर राख
रेलवे स्टेशन के सामने भीषण अग्निकांड, एक होटल भी खाक; करोड़ों के नुकसान की आशंका
जम्मू। जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिवा मार्केट में रविवार देर रात भीषण आग लगने से बड़े पैमाने पर तबाही मच गई। आग की चपेट में आकर करीब 35 से 40 दुकानें पूरी तरह जल गईं, जबकि एक होटल को भी भारी नुकसान पहुंचा। दुकानों में रखा सूखा मेवा, कंबल और अन्य सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, अग्निकांड में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
तेजी से फैली आग, दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात शिवा मार्केट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता के कारण दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
35 से 40 दुकानें तबाह, होटल को भी नुकसान
भाजपा विधायक विक्रम रंधावा के मुताबिक, अग्निकांड में करीब 35 से 40 दुकानें पूरी तरह जल गई हैं। शुरुआती रिपोर्टों में 15 दुकानों और एक होटल के तबाह होने की जानकारी भी सामने आई है। आग में सूखे मेवे, कंबल और अन्य व्यावसायिक सामान नष्ट हो गया। इससे प्रभावित कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कई दुकानदारों की वर्षों की जमा पूंजी और रोजी-रोटी का सहारा आग की भेंट चढ़ गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित दुकानदारों को अब आर्थिक सहायता और मुआवजे की उम्मीद है। फिलहाल, इस हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एक दिन पहले श्रीनगर में भी लगी थी आग
जम्मू के शिवा मार्केट में भीषण अग्निकांड से एक दिन पहले शनिवार रात श्रीनगर के करन नगर इलाके में अस्पताल के सामने कंबल बेचने वाली एक दुकान में भी आग लग गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।


No comments:
Post a Comment