मोबाइल ले जाने से रोका तो निर्दलीय प्रत्याशी की पुलिस से नोकझोंक
एमएलसी मतगणना हॉल के गेट पर हुआ हंगामा, एसपी सिटी ने समझाकर शांत कराया
मेरठ। मेरठ में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान मंगलवार को मतगणना हॉल के प्रवेश द्वार पर उस समय हंगामा हो गया, जब स्नातक सीट के निर्दलीय प्रत्याशी एडवोकेट विक्रांत वशिष्ठ को मोबाइल फोन अंदर ले जाने से रोक दिया गया। इस बात को लेकर प्रत्याशी और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर पुलिसकर्मियों की भीड़ जुट गई। बाद में एसपी सिटी विनायक भोसले ने मौके पर पहुंचकर प्रत्याशी को नियमों की जानकारी दी और समझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ मतगणना हॉल से बाहर आए थे। कुछ देर बाद जब वह अपने एक साथी के साथ वापस अंदर जाने लगे तो उनके पास मोबाइल फोन भी था। मतगणना स्थल पर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध होने के कारण बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस पर प्रत्याशी की पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। नोकझोंक बढ़ने पर मौके पर पुलिसकर्मी एकत्र हो गए। एसपी सिटी विनायक भोसले ने हस्तक्षेप करते हुए नियमों की जानकारी दी और मोबाइल बाहर रखने के लिए कहा। इसके बाद प्रत्याशी मोबाइल बाहर रखकर मतगणना हॉल में चले गए।
मतपत्रों के बंडल बनाने का काम जारी
शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी निर्वाचन की मतगणना के शुरुआती चार घंटों में मतपेटियों को खोलकर मतपत्रों को सीधा करने और उनके बंडल बनाने की प्रक्रिया चलती रही। प्रत्येक बंडल में 50 मतपत्र रखे जा रहे हैं। अनुमान लगाया जा रहा था कि शिक्षक सीट के मतपत्रों के बंडल बनाने का काम दोपहर करीब दो बजे तक और स्नातक सीट का काम शाम तक पूरा हो सकता है। इसके बाद मतगणना की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।



No comments:
Post a Comment