जैवलिन में भारत का क्लीन स्वीप, सुमित अंतिल फिर बने एशियन चैंपियन

72.46 मीटर भाला फेंककर जीता स्वर्ण, महेंद्र गुर्जर ने रजत और संदीप सर्गर ने कांस्य पदक जीतकर भारतीय तिरंगा लहराया

मेरठ। एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। जापान के आइची-नागोया में शुक्रवार को जैवलिन थ्रो में भारत ने तीनों पदक अपने नाम कर लिए। दो बार पैरालंपिक स्वर्ण जीत चुके सुमित अंतिल ने लगातार दूसरी बार एशियन पैरा गेम्स में चैंपियन बनकर स्वर्ण पदक जीता। महेंद्र गुर्जर ने रजत और संदीप सर्गर ने कांस्य पदक हासिल किया।

दूसरे प्रयास में 72.46 मीटर भाला फेंका

पुरुष जैवलिन थ्रो की संयुक्त F42-F44/F61-F64 स्पर्धा में सुमित अंतिल ने अपने दूसरे प्रयास में 72.46 मीटर का थ्रो किया। यही उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा और स्वर्ण पदक दिलाने के लिए पर्याप्त साबित हुआ। उनका पहला थ्रो भी 70.16 मीटर का था।

हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले सुमित ने इससे पहले पैरालंपिक और एशियन पैरा गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई है। वर्ष 2015 में सड़क हादसे के बाद एक पैर गंवाने के बावजूद उन्होंने पैरा जैवलिन थ्रो को अपनाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं।

महेंद्र को रजत, संदीप ने जीता कांस्य

भारत के महेंद्र गुर्जर ने 59.03 मीटर का थ्रो कर रजत पदक अपने नाम किया। वहीं संदीप सर्गर ने 64.48 मीटर के प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक जीता। इस तरह जैवलिन थ्रो की इस स्पर्धा में तीनों पदक भारतीय खिलाड़ियों के खाते में आए।

एशियन पैरा गेम्स में भारतीय दल का शानदार अभियान जारी है। सुमित, महेंद्र और संदीप की इस उपलब्धि ने प्रतियोगिता में भारत की पदक तालिका में एक और बड़ी सफलता जोड़ दी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts