मेरठ में वाहन चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, पांच गिरफ्तार; छह कटी बाइक बरामद

तीन तमंचे, दो कारतूस, दो बाइक, छोटा हाथी और 19,500 रुपये भी मिले

मेरठ। परीक्षितगढ़ पुलिस और स्वाट टीम देहात ने वाहन चोरी और कटान करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर छह मोटरसाइकिलें कटी हुई अवस्था में, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें, एक छोटा हाथी वाहन, तीन अवैध तमंचे, दो कारतूस और 19,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को एमएलसी निर्वाचन के मद्देनजर परीक्षितगढ़-मेरठ मार्ग पर ग्राम खजूरी के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने मोसिन, फरमान, सूफियान उर्फ सोफी, शाह आलम और मोहम्मद असलम को गिरफ्तार किया।

मेरठ और आजमगढ़ के निवासी हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में मोसिन, फरमान और सूफियान उर्फ सोफी मेरठ के घोसीपुर गांव के निवासी हैं। शाह आलम लिसाड़ी गेट क्षेत्र के रहमतपुरा चौक और मोहम्मद असलम आजमगढ़ जिले के सुम्भी गांव का निवासी है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर परीक्षितगढ़ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 352/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 317(2), 317(5), 111 और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया है। बरामद वाहनों के संबंध में सत्यापन और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, मोसिन और फरमान के खिलाफ परीक्षितगढ़ थाने में वाहन चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। सूफियान उर्फ सोफी के खिलाफ कंकरखेड़ा और लोहियानगर थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। शाह आलम के खिलाफ लिसाड़ी गेट और ब्रह्मपुरी थानों में मामले दर्ज बताए गए हैं। मोहम्मद असलम के खिलाफ भी परीक्षितगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई थाना प्रभारी केदार सिंह के नेतृत्व में परीक्षितगढ़ पुलिस और स्वाट टीम देहात ने की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts