स्थायी संवाद तंत्र जरूरी

 राजीव त्यागी 

सच्चे लोकतंत्र की पहचान यही है कि हर आवाज सुनी जाए और समस्याओं का समाधान संवाद, सहमति तथा संवैधानिक मूल्यों के आधार पर निकाला जाए। देश में विद्यार्थी, किसान, कर्मचारी, विभिन्न संगठन और राजनीतिक दल समय-समय पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करते रहते हैं। ये आंदोलन लोकतंत्र की अभिव्यक्ति हैं, किंतु जब लंबे समय तक चलते हैं तो सरकारी कामकाज बाधित होता है, सड़कें अवरुद्ध हो जाती हैं और आम नागरिकों का दैनिक जीवन प्रभावित होता है। कई बार छोटी-सी असहमति भी हिंसक रूप ले लेती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है। इस स्थिति से निपटने के लिए एक स्थायी तंत्र की आवश्यकता है, जो आंदोलन शुरू होने से पहले ही संवाद स्थापित करे और समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास करे।

 यह भी जरूरी है कि इसतंत्र को निष्पक्ष होना चाहिए, ताकि उस पर किसी राजनीतिक दल का प्रभाव न पड़े। इसमें अनुभवी मध्यस्थों, समाजशास्त्रियों, कानून विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। इसकी कार्यप्रणाली पारदर्शी हो और इसकी सिफारिशों को सरकार गंभीरता से ले। जब कोई नया मुद्दा सामने आए, तो तुरंत सक्रिय होकर संबंधित पक्षों को बातचीत के लिए आमंत्रित करे और संवाद की प्रक्रिया शुरू करे। यदि किसी पक्ष को बातचीत के बाद भी असंतोष हो, तो विभाग संवाद जारी रखे, ताकि विवाद को बढ़ने से रोका जा सके। सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि जनता की बात सुनने और समस्याओं का समाधान निकालने के लिए एक संस्थागत माध्यम उपलब्ध होने से लोकतंत्र मजबूत होगा। इससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण सभा के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करते हुए सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

 विश्व के कई देशों में विवादों और विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संवाद एवं मध्यस्थता की व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद व्यवस्था के अंत के बाद राष्ट्रीय शांति समझौते के अंतर्गत स्थानीय और क्षेत्रीय शांति समितियां गठित की गईं। ये समितियां विभिन्न समुदायों के बीच विवादों को सुलझाने का कार्य करती थीं। जब कोई तनाव उत्पन्न होता तो समिति तुरंत मध्यस्थता करती और स्थानीय स्तर पर समझौता करवाती। इससे बड़े पैमाने पर हिंसा की घटनाएं कम हुईं और राजनीतिक संक्रमण शांतिपूर्ण रहा। 

भारत में भी कुछ संस्थाएं मानवाधिकारों और अल्पसंख्यकों से संबंधित मुद्दों पर कार्य करती हैं, किंतु आंदोलन से जुड़े व्यापक विवादों के समाधान में उनकी भूमिका सीमित है। समस्याओं का समय रहते समाधान होने से जनता का सरकार के प्रति विश्वास भी बढ़ेगा। यह पहल संविधान की मूल भावना के अनुरूप होगी, क्योंकि इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना होगा। जब सरकार, जनता और विभिन्न संगठन संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान खोजेंगे, तो लोकतंत्र में विश्वास बढ़ेगा और देश की प्रगति को भी गति मिलेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts