त्योहरी सीजन और उपभोक्ता
नवरात्रों के आगमन के साथ ही बाजारों में रौनक बढऩे लगती है। दशहरे तक खरीददारी का उत्साह बढ़ता है, करवा चौथ पर कपड़ों, आभूषणों और सौंदर्य प्रसाधनों की मांग बढ़ती है और धनतेरस तथा दीपावली के दौरान बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ती है। लेकिन बाजार की इस चमक के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी, भ्रामक छूट, डिजिटल भुगतान की सुरक्षा और अनावश्यक खर्च जैसी चुनौतियां भी सामने आती हैं। ऐसे में सवाल यह है कि ग्राहक त्योहारों की खुशियों के बीच समझदारी से खरीददारी कैसे करे। नवरात्रों से दीपावली तक भारतीय बाजार का स्वरूप बदल जाता है। देश के कुछ हिस्सों में त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है।
त्योहारी सीजन के मद्देनजर उपभोक्ता वस्तु बनाने वाली कंपनियों ने उत्पादन बढ़ाना शुरू कर दिया है। खुदरा विक्रेता भी त्योहारी सीजन में अधिक बिक्री की उम्मीद में पिछले साल के मुकाबले अधिक स्टॉक मंगवा रही हैं। नवरात्रों में पूजा सामग्री, फल, वस्त्र और सजावट की वस्तुओं की मांग बढ़ती है। दशहरे पर कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन और घरेलू उपकरण खरीदने का उत्साह दिखाई देता है। करवा चौथ पर साडिय़ों, सूट, आभूषणों, मेहंदी और सौंदर्य प्रसाधनों की बिक्री बढ़ती है। इसके बाद धनतेरस और दीपावली के दौरान सोना-चांदी, बर्तन, मिठाइयों, उपहारों, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का बाजार सक्रिय हो जाता है।
बड़े शॉपिंग मॉल से लेकर छोटी दुकानों तक ग्राहकों को आकर्षित करने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। त्योहारी खरीददारी छोटे व्यापारियों और स्थानीय कारीगरों के लिए भी महत्वपूर्ण है। कुम्हारों के दीये, हस्तशिल्प, स्थानीय वस्त्र और पारंपरिक उत्पादों की बिक्री से अनेक परिवारों को आय प्राप्त होती है। इसलिए स्थानीय बाजारों से खरीददारी करना केवल परंपरा का सम्मान नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम भी है। हालांकि डिजिटल क्रांति ने भारतीय उपभोक्ता की खरीददारी की आदतों में व्यापक परिवर्तन किया है। आज मोबाइल फोन से कुछ ही मिनटों में कपड़े, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान खरीदा जा सकता है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कीमतों की तुलना करने, घर बैठे सामान मंगवाने और डिजिटल भुगतान करने की सुविधा प्रदान करते हैं। त्योहारी सीजन में कंपनियां विशेष सेल, बैंक कार्ड पर छूट, कैशबैक, कूपन और किस्तों पर खरीददारी जैसे विकल्प प्रस्तुत करती हैं।
इससे ग्राहकों को अपनी जरूरत के अनुसार बेहतर सौदे खोजने का अवसर मिलता है। हालांकि, आकर्षक विज्ञापनों और सीमित समय वाले ऑफरों के बीच उपभोक्ता कई बार ऐसी वस्तुएं भी खरीद लेता है जिनकी उसे आवश्यकता नहीं होती। किसी उत्पाद पर 60 प्रतिशत छूट देखकर ग्राहक तुरंत खरीददारी कर सकता है, जबकि संभव है कि वही उत्पाद किसी अन्य विक्रेता के पास पहले से कम कीमत पर उपलब्ध हो। इसलिए छूट का प्रतिशत देखकर नहीं, बल्कि अंतिम कीमत और गुणवत्ता की तुलना करके खरीददारी करनी चाहिए।
ऑनलाइन खरीददारी में विक्रेता की विश्वसनीयता, ग्राहक समीक्षाएं, वापसी की शर्तें और वारंटी की जानकारी जांचना भी जरूरी है। केवल सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले विज्ञापन के आधार पर किसी अनजान वेबसाइट से भुगतान करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। डिजिटल भुगतान ने लेन-देन को आसान बनाया है, लेकिन साइबर अपराध बढ़ा है।





No comments:
Post a Comment