करवा चौथ पर घर लौट रहे भट्ठा संचालक की हादसे में मौत

मेरठ-करनाल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बुलेट में मारी टक्कर, 16 वर्षीय इकलौते बेटे के सिर से उठा पिता का साया

मेरठ। करवा चौथ पर्व पर घर लौट रहे भट्ठा संचालक की मेरठ-करनाल हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। सरूरपुर थाना क्षेत्र के गोटका गांव के सामने पेट्रोल पंप के निकट पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बुलेट में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल भट्ठा संचालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जंगेठी गांव निवासी 41 वर्षीय सचिन कुमार पुत्र सत्यवीर का मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के बिटावदा गांव में ईंट-भट्ठा है। वह रोजाना बुलेट से अपने घर से भट्ठे पर आते-जाते थे। बुधवार देर रात काम निपटाकर घर लौटते समय गोटका गांव के पास पेट्रोल पंप के निकट अज्ञात वाहन ने उनकी बुलेट में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सचिन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने एंबुलेंस की मदद से घायल सचिन को सरधना के द्रोण अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मर्चरी भेज दिया।

इकलौते बेटे के सिर से उठा पिता का साया

करवा चौथ पर घर लौट रहे सचिन की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। सचिन अपने पीछे 16 वर्षीय इकलौते बेटे शांतनु को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, जंगेठी गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts