30 अक्टूबर से शुरू होगा धनसिंह कोतवाल जन्मोत्सव माह, देशभर में होंगे आयोजन

पाठ्यक्रम में जीवनी शामिल करने और पुलिस मुख्यालय में प्रतिमा लगाने समेत चार मांगें उठाएगा शोध संस्थान

मेरठ, 29 अक्टूबर। क्रांतिनायक शहीद धनसिंह कोतवाल शोध संस्थान की ओर से 30 अक्टूबर से 27 नवंबर तक देशव्यापी जन्मोत्सव माह-2026 का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को शास्त्रीनगर स्थित एफ-13 में आयोजित प्रेसवार्ता में संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं धनसिंह कोतवाल के प्रपौत्र तस्वीर सिंह चपराना ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव माह के दौरान खेलकूद एवं दौड़ प्रतियोगिताएं, वृक्षारोपण, विचार गोष्ठियां, जनजागरूकता रैलियां, दीपोत्सव और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।

चपराना ने कहा कि अभियान का उद्देश्य 1857 की क्रांति में धनसिंह कोतवाल के योगदान, साहस और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से परिचित कराना है। कार्यक्रमों में सामाजिक संगठनों, खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों, इतिहासकारों, शिक्षाविदों और युवाओं की भागीदारी रहेगी।

सरकार के सामने रखेंगे चार मांगें

शोध संस्थान केंद्र और प्रदेश सरकार के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखेगा। इनमें धनसिंह कोतवाल की जीवनी और 1857 की क्रांति में उनके योगदान को यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल करना, लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के सिग्नेचर भवन में उनकी प्रतिमा स्थापित करना, प्रदेश के सभी पुलिस थानों में उनके चित्र लगाना तथा प्रत्येक वर्ष 10 मई क्रांति दिवस, 4 जुलाई शहादत दिवस और 27 नवंबर जन्मदिवस पर विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में उनके योगदान की जानकारी देना शामिल है।

चपराना ने युवाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से जन्मोत्सव माह के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। प्रेसवार्ता में संस्थान के निदेशक प्रो. देवेश चंद्र शर्मा, निदेशक प्रदीप सिंह गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह धामा, विनय कुमार, संजय धामा और राजेंद्र कश्यप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts