विरार में बंद फ्लैट से मिले तीन भाई-बहनों के शव, मौत से पहले बनाया था वीडियो

कैंसर और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार, जहर पीकर जान देने की आशंका; पुलिस ने मोबाइल वीडियो और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच शुरू की

विरार। महाराष्ट्र के विरार पश्चिम स्थित ग्लोबल सिटी की एक इमारत के बंद फ्लैट से तीन भाई-बहनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि तीनों ने जहर खाकर आत्महत्या की होगी, हालांकि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में से एक कैंसर से पीड़ित था और परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा था।

बंद फ्लैट से उठ रही थी दुर्गंध

घटना ग्लोबल सिटी स्थित के-3 के एवेन्यू इमारत की डी विंग के फ्लैट नंबर 1203 की है। बंद फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर इमारत के निवासियों ने सोसायटी के सचिव को सूचना दी। सचिव ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची बोलींज पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खुलवाया तो अंदर तीनों के शव मिले।

मोबाइल में रिकॉर्ड मिला वीडियो

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में एक भाई की पहचान कुमार मेहता के रूप में बताई गई है। जानकारी सामने आई है कि मौत से पहले भाई-बहनों में से एक ने मोबाइल फोन में वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें आत्महत्या का उल्लेख होने की बात कही जा रही है। पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

कैंसर और आर्थिक परेशानी की बात आई सामने

बोलींज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले के अनुसार, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि मृतकों में से एक कैंसर से पीड़ित था और परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल का पंचनामा करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

एक साल में इमारत में तीसरी ऐसी घटना

जानकारी के अनुसार, इस इमारत में एक साल के भीतर आत्महत्या की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। करीब दो महीने पहले यहां एक पूर्व सैन्य अधिकारी ने आत्महत्या की थी। इससे पहले दसवीं कक्षा के एक छात्र ने इमारत की 14वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। पुलिस अब तीनों भाई-बहनों की मौत के कारणों के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मोबाइल वीडियो की भी पड़ताल कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts