एथलेटिक्स में मेरठ का जलवा, 9 स्वर्ण के साथ पदक तालिका में दूसरे पायदान पर

61वीं यूपी राज्य जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप का समापन, वाराणसी 12 स्वर्ण के साथ अव्वल

लखनऊ, मेरठ। गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में आयोजित 61वीं उत्तर प्रदेश राज्य जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप (बी)-2026 का मंगलवार को समापन हुआ। प्रदेश के 67 जिलों से पहुंचे 1459 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने 135 स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरठ ने 9 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य समेत कुल 13 पदक हासिल कर पदक तालिका में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वाराणसी 12 स्वर्ण, 11 रजत और 8 कांस्य पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, हैमर थ्रो, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और हर्डल्स सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 से 27 अक्तूबर 2026 तक चेन्नई में आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन आयोजित स्पर्धाओं में बालक अंडर-20 की 3000 मीटर दौड़ में बुलंदशहर के आकाश ने 8:20.41 के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। बालिका अंडर-20 की 3000 मीटर दौड़ में मथुरा की सोनिया उपाध्याय ने 10:04.71 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। बालक अंडर-20 हैमर थ्रो में बागपत के कार्तिक ने 65.91 मीटर की दूरी के साथ बाजी मारी। वहीं बालिका अंडर-20 हैमर थ्रो में बागपत की अनुष्का यादव ने 64.89 मीटर के प्रदर्शन के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।

बालिका अंडर-20 डिस्कस थ्रो में जीबी नगर की सुप्रिया अत्री ने 46.75 मीटर के प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता। बालक अंडर-20 की 400 मीटर बाधा दौड़ में इटावा के साहिल राज ने 53.27 सेकेंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। बालिका अंडर-20 ऊंची कूद में मेरठ की शिवांगी चौधरी ने 1.49 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं बालिका अंडर-16 शॉटपुट में मेरठ की गौरवी लांबा ने 11.15 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य नीरज कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के लखनऊ सचिव बी. राम वरुण, प्रयागराज के सचिव रुस्तम खान, चयन समिति सदस्य डोरी लाल शर्मा, तकनीकी कमेटी अध्यक्ष अनु कुमार, जफर उल्लाह, स्पोर्ट्स कॉलेज के कोच शैलेंद्र व जितेंद्र, वाराणसी सचिव रमेश यादव, दिवाकर शुक्ला, अजय कश्यप, प्रयागराज के खेलकूद अधिकारी जयवीर सिंह तथा कोच सत्येंद्र सिंह मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, तकनीकी अधिकारियों, ग्राउंड एवं स्टेडियम स्टाफ, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने का अवसर देती हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts