5,127 पैक्स कर्मचारियों के वेतन पर संजय सिंह का सरकार पर हमला
आप सांसद बोले- आठ साल से वेतन का इंतजार, 313 करोड़ रुपये जारी करने की मांग
लखनऊ। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश की प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (पैक्स) के कर्मचारियों के लंबित वेतन को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 7,266 पैक्स समितियों में से 5,127 समितियों के कर्मचारियों को पिछले आठ साल से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने सरकार से करीब 313 करोड़ रुपये का बजट जारी कर कर्मचारियों के बकाये का भुगतान करने की मांग की।
लखनऊ स्थित आप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि पैक्स में सचिव, अकाउंटेंट और चौकीदार काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित वेतन नहीं मिल रहा। उनके मुताबिक वर्ष 2018-19 से अधिकारी बजट जारी करने के लिए शासन को पत्र लिख रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश का बजट करीब नौ लाख करोड़ रुपये है, ऐसे में 313 करोड़ रुपये उपलब्ध नहीं करा पाना गंभीर विषय है।
1,223 कैडर सचिवों को वेतन नहीं मिलने का दावा
प्रेसवार्ता में सहकारी समिति कर्मचारी प्रतिनिधि शैलेंद्र तिवारी ने दावा किया कि प्रदेश के 2,002 कैडर सचिवों में से 1,223 को नियमित वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने पदोन्नति और बकाये वेतन का मुद्दा भी उठाया। कर्मचारियों के अनुसार न्यायालय के आदेश के बावजूद सभी को बकाये का भुगतान नहीं हुआ है।
संजय सिंह ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने इलाज, बच्चों की फीस और रोजमर्रा के खर्च का संकट है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करेगी और जरूरत पड़ने पर मुद्दे को सड़क से संसद तक उठाएगी।
चुनाव आयोग और ईवीएम पर भी साधा निशाना
संजय सिंह ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नौ अक्टूबर को लखनऊ में आप प्रदर्शन करेगी, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे समेत चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। ईवीएम पर सवाल उठाते हुए उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी की।
उन्होंने मुंद्रा पोर्ट पर नशीले पदार्थों की बरामदगी और लखनऊ में बाढ़ की स्थिति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए तथा राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की मांग की। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संजय सिंह ने कहा कि आप और सपा के बीच चुनावी रणनीति पर अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव बातचीत कर निर्णय करेंगे।


No comments:
Post a Comment