1.05 लाख में बिका ‘0007’, नंबर का ऐसा है फैंसी खेल
मेरठ में सात फैंसी नंबरों पर लगी बोली, जानिए ऑनलाइन कैसे ले सकते हैं पसंदीदा वीआईपी नंबर
मेरठ। वाहन के नंबर को लेकर लोगों में अलग ही क्रेज देखने को मिलता है। कोई जन्मतिथि से जुड़ा नंबर चाहता है तो किसी को ‘0007’ जैसे नंबर पसंद आते हैं। मेरठ में परिवहन विभाग की ओर से यूपी-15 एफके सीरीज के फैंसी नंबरों की ई-नीलामी में ‘0007’ नंबर सबसे महंगा बिका। इसके लिए 1.05 लाख रुपये की बोली लगी। 24 से 30 सितंबर तक चली ई-नीलामी में सात नंबरों के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक बोली लगाई गई।
एआरटीओ प्रशासन विकास कुमार यादव के अनुसार फैंसी रजिस्ट्रेशन नंबर लेने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। किसी नंबर के लिए एक से अधिक लोग आवेदन करते हैं तो उसकी ई-नीलामी होती है और सबसे अधिक बोली लगाने वाले आवेदक को नंबर आवंटित किया जाता है।
ऐसे हासिल करें पसंदीदा फैंसी नंबर
फैंसी नंबर लेने के लिए सबसे पहले फैंसी नंबर पोर्टल पर जाकर ‘पब्लिक यूजर रजिस्ट्रेशन’ के जरिए खाता बनाना होता है। यूजर आईडी और पासवर्ड मिलने के बाद लॉगिन कर राज्य, आरटीओ और वाहन का प्रकार चुनना होता है। इसके बाद उपलब्ध नंबरों की सूची में से पसंद का नंबर चुनकर निर्धारित पंजीकरण शुल्क और बेस प्राइस ऑनलाइन जमा करना होता है।
यदि एक नंबर के लिए कई दावेदार हैं तो ऑनलाइन नीलामी होती है। निर्धारित प्रक्रिया में सबसे अधिक बोली लगाने वाले को नंबर मिलता है। नंबर आवंटित होने के बाद अलॉटमेंट लेटर का प्रिंट निकालकर आरटीओ में जमा कर वाहन का पंजीकरण पूरा कराया जाता है।
नंबर के हिसाब से तय है बेस प्राइस
0001 से 0009 तक के नंबर, 0786 और एक जैसे चार अंकों वाले नंबरों का बेस प्राइस चार पहिया वाहन के लिए एक लाख और दोपहिया के लिए 20 हजार रुपये है। 0011, 0022, 0333, 0222 और 5000 जैसे नंबरों के लिए चार पहिया वाहन का बेस प्राइस 50 हजार और दोपहिया का 10 हजार रुपये है।
शुरू या अंत में दो शून्य वाले नंबरों के लिए चार पहिया वाहन पर 25 हजार और दोपहिया पर पांच हजार रुपये बेस प्राइस निर्धारित है। वहीं 1122, 3311, 4422 और 5588 जैसे एक जैसे दो अंकों के जोड़े वाले नंबरों का बेस प्राइस चार पहिया के लिए 15 हजार और दोपहिया के लिए तीन हजार रुपये है।


No comments:
Post a Comment