रजिस्ट्रार की कुर्सी
पर चिपकाया स्टीकर, बोले- ‘आप अपने कार्यों से बचते हैं’
सीसीएसयू में फीस वृद्धि, बाहरी कार्यक्रम, टेंडर और सफाई व्यवस्था को लेकर छात्रों ने जताया विरोध
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि, टेंडर प्रक्रिया, सफाई व्यवस्था और सभागारों में बाहरी कार्यक्रमों को लेकर बुधवार को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्र नेता शुभम मलिक और अमित मलिक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी की। रजिस्ट्रार के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर छात्र नेताओं ने उनकी कुर्सी पर ‘आप अपने कार्यों से बचते हैं’ लिखा स्टीकर चिपका दिया।
छात्रों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह और अटल सभागार में बाहरी कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि इन आयोजनों के दौरान कई बार विवाद और झगड़े की स्थिति बनती है, जिससे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है।
छात्रों ने पुरानी ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को दोबारा टेंडर दिए जाने का आरोप लगाते हुए सभी टेंडरों की जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि डिग्री, मार्कशीट और परीक्षा फॉर्म समेत जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। छात्रों ने दस्तावेज संबंधी कार्य विश्वविद्यालय परिसर में ही कराने की मांग भी उठाई।
70 प्रतिशत तक फीस बढ़ाने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों की फीस में करीब 70 प्रतिशत तक बढ़ोतरी किए जाने का दावा किया। छात्रों का कहना है कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई जारी रखने की समस्या खड़ी हो रही है। उन्होंने फीस वृद्धि वापस लेने या उस पर पुनर्विचार करने की मांग की।
इसके अलावा छात्रों ने परिसर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद परिसर में पर्याप्त सफाई नहीं है। छात्रों ने कहा कि इस संबंध में पहले भी ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की।


No comments:
Post a Comment