स्तन कैंसर से जूझ रहे 50 से अधिक परिवार जुटेंगे एक मंच पर, विशेषज्ञों से करेंगे सीधा संवाद
‘मंथन 2026’ में मरीजों की समस्याओं, उपचार की चुनौतियों और समाधान पर होगा विचार-विमर्श
मेरठ। स्तन कैंसर केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि मरीज और उसके पूरे परिवार के लिए लंबा संघर्ष है। इस संघर्ष की वास्तविक चुनौतियों, उपचार में आने वाली बाधाओं और मरीजों की समस्याओं को समझने के उद्देश्य से आईएमए हॉल, बच्चा पार्क में शनिवार को ‘मंथन 2026 स्तन कैंसर समुदाय सम्मेलन’ का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक स्तन कैंसर मरीज और उनके परिवारों के सदस्य एक मंच पर जुटेंगे। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ सीधा संवाद कर समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशे जाएंगे।
प्रशास्ति (Prashasti Breast Cancer Community) एवं BRENDOS-WUP के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का संयोजन न्यूटिमा हॉस्पिटल एवं BENS सुपर स्पेशियलिटी क्लिनिक के स्तन एवं एंडोक्राइन सर्जरी विभाग की ओर से किया जा रहा है। इस पहल की सूत्रधार डॉ. सुधि ए. कम्बोज हैं, जो न्यूटिमा हॉस्पिटल एवं BENS सुपर स्पेशियलिटी क्लिनिक में स्तन एवं एंडोक्राइन सर्जरी विभाग की कंसल्टेंट एवं विभागाध्यक्ष होने के साथ प्रशास्ति एवं BRENDOS-WUP की संस्थापक भी हैं।
सम्मेलन में KGMU एवं SGPGIMS लखनऊ, राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट सहित दिल्ली, मुंबई और असम के प्रमुख कैंसर केंद्रों से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल होंगे। विशेषज्ञ ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जुड़ेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मरीजों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच पैनल डिस्कशन होगा। इसमें मरीज उपचार के दौरान आई कठिनाइयों, देरी से निदान, आर्थिक परेशानियों, सामाजिक भ्रांतियों, मानसिक तनाव और उपचार की निरंतरता से जुड़ी समस्याओं को सीधे विशेषज्ञों के सामने रखेंगे।
इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्तन कैंसर के उपचार की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं की तुलना मुंबई एवं असम की परिस्थितियों से की जाएगी। विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवों के आधार पर समय पर जांच, बेहतर उपचार, जागरूकता और मरीजों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन में प्रशास्ति समुदाय के सदस्य डांस और ड्रामा की विशेष प्रस्तुतियों के माध्यम से स्तन कैंसर से संघर्ष, साहस, उम्मीद और जिंदगी के प्रति सकारात्मक सोच का संदेश देंगे। इस दौरान कैंसर के खिलाफ जंग में अपने हौसले और जज्बे से दूसरों के लिए मिसाल बने मरीजों एवं समुदाय के सदस्यों को सम्मानित भी किया जाएगा।
डॉ. सुधि ए. कम्बोज ने कहा कि ‘मंथन 2026’ का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि स्तन कैंसर से जूझ रहे मरीजों की समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को मंच देना है। मरीजों, परिजनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच सीधा संवाद उपचार की राह में आने वाली बाधाओं को पहचानने और उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने में मददगार साबित होगा। मरीजों के अनुभवों से सीख लेकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक सहयोग की दिशा में ठोस कदम उठाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।


No comments:
Post a Comment