मेरठ में 48 केंद्रों पर PET की पहली पाली की परीक्षा संपन्न, दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से
CCTV और आइरिस स्कैन से निगरानी, मेटल डिटेक्टर से हुई अभ्यर्थियों की जांच; परीक्षार्थियों ने पेपर को बताया मॉडरेट, एसपी सिटी ने केंद्रों का किया निरीक्षण
मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की पहली पाली शुक्रवार को मेरठ के 48 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र का स्तर मॉडरेट बताया। अधिकांश परीक्षार्थियों के मुताबिक पेपर आसान रहा और वे प्रश्नों के स्तर से संतुष्ट नजर आए। हालांकि, खराब मौसम के चलते कुछ अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी हुई। अब दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
48 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, एसपी सिटी ने किया निरीक्षण
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और परीक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए।
दो पालियों में करीब 22 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल
मेरठ में 30 अक्टूबर और एक नवंबर को परीक्षा आयोजित की जा रही है। दोनों दिन दो-दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रत्येक पाली में करीब 22 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इससे पहले 25 अक्टूबर को परीक्षा का एक चरण संपन्न हो चुका है।
आधा घंटा पहले बंद हो जाएंगे प्रवेश द्वार
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। पहली पाली के लिए सुबह आठ से 9:30 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर एक से 2:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर रोक है। अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। प्रवेश से पहले एडमिट कार्ड और फोटोयुक्त पहचान पत्र का सत्यापन किया जा रहा है। अभ्यर्थियों को मूल आधार कार्ड या अन्य मान्य फोटो पहचान पत्र के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो रखने के निर्देश दिए गए हैं।
100 सवालों के देने होंगे जवाब, CCTV से होगी निगरानी
PET में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इनके उत्तर अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट पर देने होंगे। परीक्षा कक्ष में प्रत्येक 24 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षकों की तैनाती रहेगी। नकल और गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों की पहचान फोटो और आइरिस स्कैन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन करके सुनिश्चित की जा रही है।
बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रैन बसेरों में इंतजाम
दूसरे जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने मेरठ पहुंचने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने रैन बसेरों में ठहरने की व्यवस्था की है। प्रशासन का प्रयास है कि अभ्यर्थियों को आवागमन और ठहरने में परेशानी न हो तथा परीक्षा की सभी पालियां सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सकें।




No comments:
Post a Comment